जनगणना-2027 की तैयारियों पर जिलाधिकारी की समीक्षा बैठक:DM ने दिए 30 नवंबर तक अधिकतम स्व-गणना सुनिश्चित करने के निर्देश
जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना (Self-Enumeration) और जनगणना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनगणना कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के कड़े दिशा-निर्देश दिए। आपसी समन्वय और जिम्मेदारी से कार्य करें प्रगणक व सुपरवाइजर
समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि जनगणना-2027 के लिए जिन विभागों के प्रगणक और सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं, वे आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देशित किया कि जनगणना से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और आम नागरिकों को स्व-गणना के लिए अधिक से अधिक जागरूक एवं प्रोत्साहित किया जाए। अब तक 18 हजार से अधिक नागरिकों ने की स्व-गणना
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ममता मालवीय ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि जनपद में अब तक 18,000 से अधिक नागरिकों द्वारा स्व-गणना की जा चुकी है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्व-गणना की निर्धारित अवधि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 के भीतर जनपद के अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित कराई जाए। राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी जरूरी
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि स्व-गणना की प्रक्रिया को लेकर आमजन को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे समय रहते अपनी स्व-गणना पूर्ण कर सकें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी और बेहतर तालमेल अत्यंत आवश्यक है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)