प्रयागराज में डॉग कैचर टीम पर हमला:कर्मचारियों को बंधक बनाकर 9 कुत्तों को छुड़ा ले गए, 22 पर FIR
प्रयागराज में आवारा कुत्तों को पकड़ने गई नगर निगम की एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) टीम के साथ अभद्रता, धमकी और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि म्योराबाद में कुत्ते पकड़ने का विरोध करने वाले लोगों ने शाम को करेली स्थित नगर निगम के डॉग संरक्षण केंद्र पर धावा बोल दिया। वहां कर्मचारियों को थप्पड़ मारे, गाली-गलौज की और करीब तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा। इसके बाद केंद्र में बंद नौ कुत्तों को जबरन गाड़ियों में भरकर अपने साथ ले गए। नगर निगम के पशु कल्याण विभाग में तैनात नायब मोहर्रिर विकास सारस्वत की तहरीर पर करेली थाने में सात नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कोर्ट के आदेश के अनुपालन में गई थी टीम नायब मोहर्रिर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह प्रयागराज नगर निगम के पशु कल्याण विभाग में कार्यरत हैं। 26 अक्टूबर को एनिमल बर्थ कंट्रोल टीम म्योराबाद क्षेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़ने गई थी। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट में स्वत: संज्ञान से दर्ज रिट याचिका और इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में पारित आदेशों के अनुपालन में की जा रही थी। आरोप है कि इस दौरान म्योराबाद की रहने वाली वंशिका गुप्ता ने सरकारी कार्य में बाधा डाली। टीम को धमकी दी कि दोबारा यहां दिखाई दिए तो जान से हाथ धो बैठोगे। कर्मचारियों के हाथ-पैर तोड़ने की भी धमकी दी गई। इसके अलावा गाली-गलौज भी किया गया। डॉग वैन के कर्मचारी विवेक यादव ने भी बताया कि वंशिका ने उसे व्हाट्सएप कॉल करके धमकी दी थी कि दोबारा कुत्ते पकड़ने वाली गाड़ी आई तो कर्मचारियों के हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे और वाहन भी सुरक्षित वापस नहीं जा पाएगा। पुलिस की मौजूदगी में पकड़े गए 13 कुत्ते तहरीर के मुताबिक, 2 नवंबर को सुबह करीब 10:30 बजे पशु कल्याण अधिकारी के निर्देश पर पुलिस बल के साथ एबीसी टीम दोबारा म्योराबाद पहुंची। इस बार टीम का नेतृत्व विकास सारस्वत कर रहे थे। जनता की शिकायत पर आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनकी नसबंदी के लिए यह कार्रवाई की जा रही थी। आरोप है कि वंशिका गुप्ता, पूनम डिसूजा, गोलू खान, आकांक्षा मिश्रा, जीशान और आयशा समेत 10-15 लोगों ने टीम का रास्ता रोक दिया। सरकारी काम और न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में बाधा डालते हुए बलपूर्वक कुत्ते पकड़ने से रोकने की कोशिश की गई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद टीम करीब 13 आवारा कुत्तों को पकड़कर करेली स्थित डॉग संरक्षण केंद्र ले गई। शाम को केंद्र पर धावा बोलकर कर्मचारियों को बनाया बंधक आरोप है कि उसी दिन शाम करीब चार बजे वंशिका गुप्ता अपने सहयोगियों के साथ करेली स्थित कुत्ता संरक्षण केंद्र पहुंच गईं। उनके साथ पूनम डिसूजा, गोलू खान, सुमित गुप्ता, जीशान, आयशा, आकांक्षा मिश्रा और 10-15 अज्ञात लोग भी थे। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सभी ने केंद्र में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी। कर्मचारियों को थप्पड़ मारे गए और केंद्र पर जबरन कब्जा कर लिया गया। इसके बाद करीब तीन घंटे तक कर्मचारियों को अलग-अलग कमरों में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान केंद्र के एक-एक कमरे का दरवाजा खुलवाया गया और वहां रखे नौ कुत्तों को अपने साथ लाई गई गाड़ी में भरकर सभी लोग लेकर चले गए। केंद्र की दीवार फांदकर छत पर चढ़ने का भी आरोप तहरीर में वंशिका गुप्ता के सहयोगी सुमित गुप्ता पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया कि वह केंद्र की बाहरी दीवार फांदकर छत पर चढ़ गया और कर्मचारियों को अपशब्द कहते हुए धमकाने लगा। इस घटना का वीडियो बनाए जाने और उसे व्हाट्सएप के माध्यम से पुलिस को भेजे जाने की बात भी तहरीर में कही गई है। आरोप है कि यही वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट @SHAAN_E_PRAYAG पर भी पोस्ट किया गया है। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित लोग एक एनजीओ के नाम पर संगठित गिरोह चलाते हैं और इलाके के आवारा कुत्तों को अपने कब्जे में लेकर उनके मांस की अवैध बिक्री से लाभ कमाते हैं। सात नामजद और 15 अज्ञात पर मुकदमा थाना प्रभारी सच्चिदानंद सिंह ने बताया, नगर निगम कर्मचारी की तहरीर पर करेली थाने में सात नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। नामजद आरोपितों में वंशिका गुप्ता, पूनम डिसूजा, गोलू खान, आकांक्षा मिश्रा, मोहम्मद जीशान, आयशा और सुमित गुप्ता शामिल हैं। वादी की ओर से घटना का वीडियो फुटेज भी सौंपा गया है, जिसकी पड़ताल की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)