पीसीएस इंटरव्यू दे चुके अभ्यर्थियों को आयोग की सलाह:कहीं और चयनित हैं तो यहां छोड़ सकते हैं सीट, 10 नवंबर आवेदन
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2025 के साक्षात्कार में शामिल हो चुके जो अभ्यर्थी अपना अभ्यर्थन (नाम) वापस लेना चाहते हैं, वे 10 नवंबर 2026 तक आयोग को ई-मेल के माध्यम से अपना आवेदन भेज सकते हैं। नाम वापसी का मुख्य उद्देश्य यह है कि यदि कोई अभ्यर्थी किसी अन्य पद पर पहले ही चयनित हो चुका है तो यहां अभ्यर्थन छोड़ दें। इससे कोई सीट व्यर्थ नहीं जाएगी और अन्य जरूरतमंद अभ्यर्थियों को चयन का अवसर मिल जाएगा।
आयोग के परीक्षा नियंत्रक हर्ष देव पाण्डेय बताया कि जो अभ्यर्थी स्वेच्छा से इस परीक्षा से अपना नाम वापस लेना चाहते हैं, उन्हें अपने रजिस्टर्ड ई-मेल आईडी का उपयोग करना होगा। अभ्यर्थियों को अपना प्रार्थना पत्र, आधार कार्ड की प्रति के साथ आयोग की विशेष ई-मेल आईडी notintforpcs25@gmail.com पर भेजना होगा। इसके साथ ही, आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदन पत्र में अभ्यर्थन वापस लेने के पीछे के ठोस और स्पष्ट कारणों का उल्लेख करना अनिवार्य किया गया है।
अक्सर प्रतियोगी परीक्षाओं के दौर में यह एक बड़ी विसंगति देखने को मिलती है कि एक ही मेधावी और प्रतिभाशाली छात्र का चयन कई अलग-अलग प्रतिष्ठित और उच्च पदों पर एक साथ हो जाता है। परिणाम स्वरूप, अंतिम चयन सूची जारी होने के बाद वे एक पद ज्वाइन करते हैं और बाकी अन्य पदों की सीटें या तो खाली रह जाती हैं। इन रिक्त सीटों के कारण बॉर्डर लाइन पर खड़े तमाम योग्य और मेहनती अभ्यर्थी अंतिम चयन से वंचित रह जाते हैं। छात्र संगठनों और शिक्षाविदों द्वारा लगातार यह मांग उठाई जा रही थी कि आयोग को एक ऐसी पारदर्शी व्यवस्था बनानी चाहिए जिससे स्वतः ही सीटों के दुरुपयोग को रोका जा सके।
आयोग के इस व्यावहारिक, संवेदनशील और दूरदर्शी कदम को प्रशासनिक सुधार की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि इस प्रकार की व्यवस्था लागू होने से न केवल चयन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी, बल्कि एक-एक पद पर सही और पात्र अभ्यर्थी के पहुंचने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)