पदयात्रा में जेबकतरों ने चार लोगों के 41 हजार उड़ाए:भीड़ के बीच नकदी, मोबाइल और दस्तावेज चोरी; भारी पुलिस बल तैनात था
बरेली में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान जेबकतरों ने चार लोगों को निशाना बनाया। उनकी जेब से करीब 41 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और जरूरी दस्तावेज चोरी हो गए। कार्यक्रम में भारी पुलिस बल तैनात था। प्रेमनगर के राजेंद्र नगर निवासी अमनदीप सिंह की जेब से 9,500 रुपये, मोटोरोला मोबाइल और जरूरी कागजात चोरी हुए। किला क्षेत्र के साहूकारा निवासी अमरजीत सिंह के 8,500 रुपये और दस्तावेज गायब हो गए। रामपुर गार्डन निवासी राजीव भुवना की जेब से 5,000 रुपये, एटीएम कार्ड और जरूरी कागजात निकाले गए। शाहजहांपुर के लोधीपुर निवासी दिनेश कुमार के 18 हजार रुपये, पैन कार्ड, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस चोरी हो गए। चारों पीड़ितों ने अलग-अलग पुलिस चौकियों और थानों में शिकायत दी है। उन्होंने कार्रवाई करने और सामान वापस दिलाने की मांग की है। पदयात्रा में चार लोगों की जेब कटने के बाद भीड़ में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)