पहली बार गोरखपुर में होगी भाजपा कोर कमेटी की बैठक:विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी; पूर्वी उत्तर प्रदेश पर फोकस
भाजपा के प्रदेश कोर कमेटी की बैठक बुधवार की शाम को गोरखपुर में होगी। यह पहला अवसर है जब यह बैठक गोरखपुर में होने जा रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, संगठन महामंत्री, प्रदेश महामंत्री उत्तर प्रदेश में निवास करने वाले राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश के निवर्तमान अध्यक्ष बेठक में शामिल होंगे। बैठक में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर चर्चा होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश को लेकर बैठक में विशेष फोकस होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार की सुबह 11 बजे गोरखपुर पहुंचेंगे। वह सीधे एमपी इंटर कालेज आएंगे। वहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे। उसके बाद मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय अध्यक्ष 2 किलोमीटर तक पैदल चलेंगे। पदयात्रा के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष शाम को कोर कमेटी की बैठक करेंगे और चुनाव को लेकर चर्चा करेंगे। अब तक क्या स्थिति है, जनता का क्या मूड है आदि विषयों पर चर्चा होगी। अन्य बैठकों में भी शामिल होंगे लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत आयोजित पदयात्रा में शामिल होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अलग-अलग बैठकों में शामिल होंगे। पदयात्रा के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष एनेक्सी भवन पहुंचेंगे और वहां आयोजित होने वाली प्रबुद्ध वर्ग की बैठक को संबोधित करेंगे। शाम को गोरखपुर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की बैठक करेंगे। इसके बाद प्रदेश कोर कमेटी की बैठक होगी। गुरुवार की सुबह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन करेंगे। उसके बाद एनेक्सी भवन में पूर्व पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षों, नगर निकायों के पूर्व अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करेंगे। गुरुवार को ही गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 संगठनात्मक जिलों के प्रदेश व क्षेत्र पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों से मुलाकात करेंगे और उसके बाद नई दिल्ली जाने के लिए रवाना होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)