कानपुर में नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला:भाई बोला-बहनोई के दूसरी महिला से संबंध, उसने बहन को पीटा था
कानपुर में सजेती क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में नवविवाहिता का शव रविवार देर रात घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। पति घर पहुंचा तो पत्नी को फंदे पर लटका देखकर उसके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रेम संबंधों को लेकर पति-पत्नी में हुआ था विवाद बांदा के जसपुरा गांव निवासी रामगोपाल किसान हैं। उन्होंने बेटी रोशनी की शादी अप्रैल 2025 में सजेती थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी रघुराज के बेटे चतुर सिंह से की थी। रोशनी के भाई रोहित का आरोप है कि शादी के करीब तीन महीने बाद बहन को पति के गांव की एक महिला से उसके प्रेम संबंधों की जानकारी हुई। बहन ने इसका विरोध किया तो चतुर सिंह उसके साथ मारपीट करने लगा। रोहित के मुताबिक, बहन ने कई बार मायके वालों को मारपीट की जानकारी दी थी। परिवार के लोग समझाकर मामला शांत करा देते थे। आरोप है कि दो दिन पहले भी प्रेम संबंधों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान चतुर सिंह ने रोशनी के साथ मारपीट की थी। खेत से घर लौटी थी रोशनी मृतका के ससुर रघुराज ने बताया कि रविवार को वह पत्नी और बेटे के साथ खेत पर गए थे। बहू रोशनी भी खेत में काम कर रही थी। अंधेरा होने पर वह घर लौट आई। रात में चतुर सिंह घर पहुंचा तो मुख्य गेट खुला था। वह अंदर कमरे में गया तो रोशनी का शव रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। इसके बाद चतुर सिंह ने फोन कर परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने मायके पक्ष को सूचना देने के साथ ही 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सजेती थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप घटना की जानकारी मिलने पर रोशनी के मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। उन्होंने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। अभी तक उनकी ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)