बरेली में FIR नहीं लिखने पर थानेदार समेत 3 सस्पेंड:महिला सिर में गंभीर चोट लगने के बाद पहुंची थी थाने, SSP बोले-विभागीय जांच होगी
बरेली में सिर में गंभीर चोट लगने के बाद शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला की एफआईआर दर्ज नहीं करना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। पुलिस कार्यालय से कार्रवाई के निर्देश मिलने के बावजूद शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई। मामले में एसएसपी अनुराग आर्य ने सीबीगंज थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। मामला 27 अक्टूबर का है। सीबीगंज थाना क्षेत्र की एक महिला सिर में गंभीर चोट लगने के बाद शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की। थाने में सुनवाई नहीं होने पर महिला ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से शिकायत की। पुलिस कार्यालय के निर्देश भी किए नजरअंदाज महिला की शिकायत पर 29 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय से सीबीगंज पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई। घायल महिला की शिकायत को नजरअंदाज करने और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं करने को गंभीर लापरवाही माना गया। थानेदार समेत तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड एसएसपी अनुराग आर्य ने 28 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर जनसुनवाई की समीक्षा की थी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि थानों में आने वाले फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनी जाएं और उनके निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए। इसके बावजूद सीबीगंज थाने में लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने थानाध्यक्ष विनोद सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार और उपनिरीक्षक अश्वनी शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)