मथुरा में यम द्वितीया पर घाटों पर तैनात होंगे गोताखोर-स्टीमर:महिला-पुरुषों के लिए अलग चेंजिंग रूम बनेंगे; 11 नवंबर को होगा पर्व
मथुरा में 11 नवंबर को मनाए जाने वाले यम द्वितीया पर्व को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए यमुना के दोनों किनारों के घाटों पर विशेष इंतजाम किए जाएंगे। घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ गोताखोर और स्टीमर तैनात होंगे। गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक लगाए जाएंगे। सोमवार को भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय में नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने अधिकारियों और पार्षदों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नगर आयुक्त ने जलकल, प्रकाश, निर्माण और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कराई जाएगी। गोताखोरों और स्टीमर की तैनाती के साथ लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे। गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक और बैनर लगाए जाएंगे। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पूरी तरह ढके चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। इसके अलावा घाटों पर खोया-पाया शिविर भी लगाए जाएंगे। घाटों पर 24 घंटे होगी सफाई, बढ़ाई जाएगी रोशनी नगर आयुक्त ने घाटों की सफाई, मरम्मत, सजावट और प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। घाटों और उनसे जुड़े रास्तों पर 24 घंटे सफाई कराई जाएगी। नियमित रूप से चूना छिड़काव भी होगा। जलभराव रोकने के लिए नालियों की सफाई और मरम्मत कराने के साथ पेयजल के टैंकर और मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने को कहा गया है। दीवारों पर होगी वॉल पेंटिंग, रास्तों की मरम्मत मुख्य अभियंता निर्माण को घाटों और आसपास की दीवारों पर वॉल पेंटिंग कराने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों पर जरूरत के मुताबिक पैचवर्क भी कराया जाएगा। इसके साथ ही गंगा दशहरा से पहले यमुना से गाद हटाने का काम पूरा कराने को कहा गया। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्र, अपर नगर आयुक्त सुनीता सिंह और प्रियंका सिंह, अनिल कुमार, सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक, मुख्य अभियंता संजय सिंह, महाप्रबंधक जल मोहम्मद अनवर ख्वाजा और नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामगोपाल सिंह सहित पार्षद और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)