दिल्ली में राजेंद्र पाल से मिले स्वामी प्रसाद मौर्य:यूपी चुनाव की रणनीति पर चर्चा, अखिलेश से विवाद के बीच मुलाकात के सियासी मायने

Nov 02, 2026 - 18:34
0
दिल्ली में राजेंद्र पाल से मिले स्वामी प्रसाद मौर्य:यूपी चुनाव की रणनीति पर चर्चा, अखिलेश से विवाद के बीच मुलाकात के सियासी मायने
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से उनके कार्यालय पहुंचकर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इस मुलाकात को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ स्वामी प्रसाद मौर्य के हालिया विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, अखिलेश यादव ने पिछले शुक्रवार को साफ कहा था कि स्वामी प्रसाद मौर्य INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं। इस पर मौर्य ने पलटवार करते हुए कहा था कि अखिलेश यादव INDIA गठबंधन नहीं हैं और गठबंधन में अंतिम फैसला कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की भूमिका के तहत होता है। कांग्रेस की बैठक में 2027 और संगठन पर मंथन इधर, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के साथ प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, सहप्रभारी अभिषेक दत्त, अब्दुल हन्नान, कुणाल चौधरी, संजीव आर्य और वरुण चौधरी तथा कांग्रेस विधानमंडल दल (CLP) के नेता वीरेंद्र चौधरी ने भी बैठक की। बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति और प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन पर विस्तार से चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने आगामी चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। बैठक में सपा के साथ गठबंधन और सीट शेयरिंग को लेकर भी चर्चा हुई। कांग्रेस के दावेदारों को लेकर भी सहप्रभारियों से फीडबैक लिया गया। सपा की ओर से 26 नवंबर तक चुनावी घोषणा पत्र जारी करने की बात कही जा रही है। कांग्रेस की भी कोशिश है कि वह भी जिलों से फीडबैक के आधार पर तैयार रही घोषणा पत्र को जल्द से जल्द लागू करें। दोनों दलों के बीच 15 नवंबर तक गठबंधन की घोषणा होनी है। एमएलसी चुनाव परिणाम के बाद से महागठबंधन के हौसले बुलंद हैं, लेकिन महागठबंधन में कांग्रेस की ओर से शामिल हो रहे स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर पेंच अटकता दिख रहा है। अखिलेश के बयान के बाद बढ़ा था विवाद पिछले शुक्रवार को अखिलेश यादव से स्वामी प्रसाद मौर्य के INDIA गठबंधन में शामिल होने को लेकर सवाल पूछा गया था। इस पर उन्होंने कहा था कि मौर्य गठबंधन में शामिल नहीं हैं और हमारी सीटों में शामिल नहीं हो सकते। उन्होंने कहा था- 'अवॉइड करो, इग्नोर करो।' इसके जवाब में 31 अक्टूबर को स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा था कि अखिलेश यादव INDIA गठबंधन नहीं हैं। गठबंधन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अहम भूमिका है और अंतिम फैसला वही लेते हैं। मौर्य ने तंज कसते हुए कहा था- 'ये न पिद्दी हैं, न पिद्दी का शोरबा। ये कौन होते हैं हमें सर्टिफिकेट देने वाले?' मौर्य ने यह भी कहा था कि उन्होंने अखिलेश यादव से कोई बातचीत नहीं की है। उनकी बातचीत राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से हुई है। उन्होंने सवाल उठाया था कि अगर अखिलेश यादव इतने सक्षम हैं तो उनसे बात करने के बजाय राहुल गांधी से क्यों मिलते? कांग्रेस पहले ही दे चुकी है स्वागत का संकेत इस विवाद पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने पहले ही प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि अखिलेश यादव का बयान उनकी निजी राय हो सकता है। INDIA गठबंधन को मजबूत करने के लिए जो भी साथ आना चाहता है, उसका स्वागत है। ऐसे में स्वामी प्रसाद मौर्य और राजेंद्र पाल गौतम की मुलाकात को यूपी में 2027 के चुनाव से पहले कांग्रेस और मौर्य के बीच संभावित राजनीतिक तालमेल के लिहाज से अहम माना जा रहा है। हालांकि, मुलाकात में किसी गठबंधन या सीटों के बंटवारे को लेकर फैसला होने की जानकारी सामने नहीं आई है। इस मुलाकात की जानकारी खुद स्वामी प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया पर तस्वीर पोस्ट करके दी। ----------------------- ये खबर भी पढ़ें- मौर्य बोले 'अखिलेश न पिद्दी हैं, न पिद्दी का शोरबा':'स्वामी प्रसाद मौर्य को इग्नोर करो' वाले सपा प्रमुख के बयान पर किया पलटवार समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के बीच INDIA गठबंधन में शामिल होने को लेकर जुबानी जंग छिड़ गई है। अखिलेश ने शुक्रवार को साफ कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य उनके गठबंधन में शामिल नहीं हैं। इस पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा- 'हमारी सीटों में शामिल नहीं हो सकते। अवॉइड करो, इग्नोर करो।' पढ़िए पूरी खबर…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User