काशी की विश्व प्रसिद्ध नाग नथैया लीला आज:मल्लाहों के कंधों पर सवार होकर प्रकट होंगे कन्हैया, 15 मिनट की लीला देखने जुटेंगे लाखों श्रद्धालु
वाराणसी के तुलसी घाट पर आज शाम भक्ति, आस्था और अद्भुत लीला का संगम देखने को मिलेगा। गंगा की लहरों के बीच द्वापर युग का दृश्य साकार होगा। कदंब की डाल से बाल स्वरूप में भगवान श्रीकृष्ण गंगा में छलांग लगाएंगे और कालिया नाग के फन पर बांसुरी बजाते हुए श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। मौका होगा काशी की करीब पांच शताब्दियों पुरानी विश्वप्रसिद्ध नागनथैया लीला का। इस ऐतिहासिक कृष्णलीला को देखने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं, पर्यटकों और शोधार्थियों के पहुंचने की संभावना है। लीला के आयोजन को लेकर तुलसी घाट पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। काशी के प्रसिद्ध लक्खा मेलों में शामिल नागनथैया लीला के दौरान तुलसी घाट का नजारा वृंदावन जैसा हो जाता है। गंगा की धारा यमुना का स्वरूप धारण करती है और घाट पर सजाई गई कदंब की डाल द्वापर युग की याद दिलाती है। लीला में बाल कृष्ण अपने सखाओं के साथ कंदुक क्रीड़ा करते हैं। इसी दौरान गेंद गंगा में गिर जाती है। उसे निकालने के लिए कन्हैया कदंब की डाल से नदी में छलांग लगाते हैं। कुछ देर बाद कालिया नाग के फन पर बांसुरी बजाते हुए उनका मनोहारी स्वरूप प्रकट होता है। यह दृश्य देखते ही पूरा घाट 'कन्हैया लाल की जय' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठता है। 500 पुरानी है लीला
संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र के अनुसार, इस ऐतिहासिक कृष्णलीला की शुरुआत 16वीं शताब्दी में गोस्वामी तुलसीदास ने की थी। धर्म, प्रकृति और संस्कृति से समाज को जोड़ने के उद्देश्य से उन्होंने रामलीला के साथ इस कृष्णलीला की परंपरा भी शुरू की थी। घाट स्थित अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास के तत्वावधान में करीब 500 वर्षों से यह परंपरा अपनी मूल सात्विकता और शास्त्रीय मर्यादा के साथ निभाई जा रही है। मल्लाहों के कंधों पर सवार होकर प्रकट होंगे कन्हैया
नागनथैया लीला में निषाद समाज की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पीढ़ियों से स्थानीय मल्लाह इस परंपरा को जीवंत बनाए हुए हैं। गंगा की तेज धारा के बीच सैकड़ों फीट लंबी और भारी लकड़ी से बनी कालिया नाग की प्रतिमा को गोताखोर अपने कंधों और हाथों के सहारे संभालते हैं। इसी प्रतिमा के फन पर बाल कृष्ण का स्वरूप प्रकट होता है। बांसुरी बजाते कन्हैया के दर्शन के साथ ही श्रद्धालु जयकारे लगाने लगते हैं। काशीराज परिवार अर्पित करेगा नजराना
नागनथैया लीला में काशीराज परिवार की मौजूदगी भी पुरानी परंपरा का हिस्सा है। इस अवसर पर गंगा में काशीराज परिवार का शाही बजड़ा सजाया जाता है। भगवान श्रीकृष्ण के कालिया नाग के फन पर प्रकट होने के बाद परिवार की ओर से उन्हें विशेष नजराना अर्पित किया जाता है। वहीं, संकटमोचन मंदिर के महंत भगवान श्रीकृष्ण की महाआरती उतारते हैं। विशेष प्रशिक्षण के बाद चुना जाता है बाल कृष्ण
लीला में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाने वाले बालक का चयन भी विशेष प्रक्रिया से होता है। स्थानीय ब्राह्मण परिवार के आठ से 12 वर्ष तक के तेजस्वी और सात्विक स्वभाव वाले बालक को यह भूमिका दी जाती है। उसे अभिनय, पारंपरिक मुद्राओं, मंत्रोच्चार के साथ तैरने, पानी में संतुलन बनाने और ऊंचाई से गंगा में छलांग लगाने का विशेष अभ्यास कराया जाता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)