सरयू तट पर आज से छठ महापर्व का उल्लास:सूर्यदेव की सजेगी भव्य झांकी,रथ पर विराजेंगे भगवान सूर्य नारायण
रामनगरी में शुक्रवार से छठ महापर्व का उल्लास शुरू होगा। सरयू तट पर भगवान सूर्य नारायण की आराधना के लिए श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो जाएगा। छठ पर्व के पहले दिन से ही सरयू तट पर धार्मिक गतिविधियां बढ़ेंगी। संत तुलसीदास घाट से झुनकी घाट तक करीब एक किलोमीटर के क्षेत्र में श्रद्धालु सूर्य उपासना के लिए अपने-अपने पूजन स्थल तैयार करेंगे। छठ महापर्व के अवसर पर रथ पर सवार भगवान सूर्य नारायण की भव्य झांकी विशेष आकर्षण रहेगी। सात घोड़ों के रथ पर विराजमान सूर्यदेव की झांकी के दर्शन के साथ महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसमें संत-महंतों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। धार्मिक आयोजन में संतों के प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की परंपरा भी जुड़ी रही है। सूर्यदेव की आराधना और सरयू तट पर होने वाले धार्मिक आयोजनों से रामनगरी का वातावरण भक्तिमय होगा। 2006 में शुरू हुआ था सार्वजनिक आयोजन अयोध्या में छठ महापर्व की सार्वजनिक परंपरा को विस्तार देने का श्रेय श्रीसरयू अवध बालक समाज सेवा समिति को जाता है। समिति ने वर्ष 2006 में पहली बार संत तुलसीदास घाट पर संगठित रूप से छठ मेले की शुरुआत की थी। उस समय अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने से पहले भगवान सूर्य नारायण की झांकी का अनावरण और महाआरती होती थी। अगले दिन सप्तमी तिथि पर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद महाआरती के साथ आयोजन का समापन किया जाता था। समिति के संयोजक कृष्ण कुमार मिश्र उर्फ बर्फी महाराज बताते हैं कि 11 वर्षों तक आयोजन करने का संकल्प लिया गया था। वर्ष 2017 में संकल्प पूरा होने के बाद समिति ने आयोजन बंद कर दिया। हालांकि तब तक छठ महापर्व अयोध्या के प्रमुख सार्वजनिक धार्मिक आयोजनों में शामिल हो चुका था। सुरक्षा और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी प्रशासन पर सरयू तट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन यातायात और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था संभालेगा। नदी में मोटर बोट के साथ पीएसी और एसडीआरएफ की टीमें गोताखोरों के सहयोग से निगरानी करेंगी। नगर निगम और सिंचाई विभाग की ओर से घाटों पर सफाई और प्रकाश व्यवस्था की गई है। चार दिवसीय छठ महापर्व में श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)