सपा सांसद बोले- दुर्गा पूजा-कांवड़ यात्रा बंद होनी चाहिए:प्रतापगढ़ में एसपी सिंह पटेल का वीडियो आया सामने, मूर्ति विसर्जन-कांवड़ यात्रा पर उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी के प्रतापगढ़ सांसद एसपी सिंह पटेल का एक बयान सामने आया है। वीडियो में सांसद दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा को लेकर सवाल उठाते हुए इन्हें बंद करने की बात कहते हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो गुरुवार का है। उनके बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है। बोले- प्रतिमा नाले में फेंकने से आशीर्वाद मिलेगा या श्राप सांसद कहते हैं कि लोग दुर्गा माता की प्रतिमा खरीदकर घर लाते हैं, उसकी पूजा करते हैं और एक सप्ताह बाद उसे गंदे नाले में फेंक आते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसा करने से देवी मां आशीर्वाद देंगी या श्राप देंगी? सांसद ने इसे ढोंग बताते हुए ऐसी परंपरा बंद करने की बात कही। कांवड़ यात्रा पर भी उठाए सवाल सांसद ने कांवड़ यात्रा को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा बंद होनी चाहिए। गांव में ही मंदिर मौजूद हैं, जहां भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाकर हाथ जोड़ने से आशीर्वाद मिल सकता है। 50-50 किलोमीटर पैदल चलने से कुछ हासिल नहीं होने वाला। उन्होंने कहा कि वह अपनी बात स्पष्ट रूप से रखते हैं, भले ही किसी को बुरा लगे। धार्मिक परंपराओं को लेकर शुरू हुई चर्चा सांसद के बयान के बाद दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा जैसी धार्मिक परंपराओं को लेकर बहस शुरू हो गई है। ये परंपराएं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी हैं। ऐसे में इन्हें बंद करने की बात सामने आने के बाद बयान पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन से नदियों और जलस्रोतों में होने वाले प्रदूषण को लेकर पर्यावरण संरक्षण की चिंता भी लंबे समय से उठती रही है। इसका समाधान धार्मिक परंपराओं पर रोक लगाने के बजाय पर्यावरण अनुकूल विसर्जन व्यवस्था और जागरूकता के जरिए निकाला जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)