कल्याण सिंह के पौत्रों की सगाई की तैयारियां तेज:अलीगढ़ में 14 नवंबर को मंत्री संदीप और भाई सौरभ की रिंग सेरेमनी; निमंत्रण कार्ड का वितरण शुरू, मंच-पंडाल बनाने की तैयारी
पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्व. कल्याण सिंह के परिवार में मांगलिक समारोह की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। उनके पौत्र और प्रदेश सरकार में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह और छोटे पौत्र सौरभ सिंह वर्मा की 14 नवंबर को अलीगढ़ में रिंग सेरेमनी होगी। इस पारिवारिक समारोह को भव्य रूप देने के लिए परिवार से लेकर आयोजन स्थल तक तैयारियां तेज हो गई हैं। तालानगरी स्थित रामघाट कल्याण मार्ग के करीब 100 बीघा मैदान में समारोह की व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं। वहीं, मेहमानों और खास लोगों तक निमंत्रण कार्ड पहुंचाने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
समारोह स्थल पर मैदान की साफ-सफाई कराई जा रही है। यहां भव्य मंच, जर्मन हैंगर टेंट और मेहमानों के लिए बड़े दावत पंडाल की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों, समर्थकों और राजनीतिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। इतने बड़े स्तर पर आयोजन को लेकर तालानगरी में भी हलचल शुरू हो गई है।
सगाई समारोह का निमंत्रण कार्ड भी सामने आ चुका है। इसमें दोनों भाइयों की होने वाली जीवनसंगिनियों के नाम का खुलासा किया गया है। कार्ड के मुताबिक, संदीप सिंह की सगाई मेघना के साथ होगी, जबकि सौरभ सिंह वर्मा की सगाई अंतरा के साथ तय हुई है। मेघना को श्रीमती विजय और श्री अरुण चौधरी की सुपुत्री तथा अंतरा को श्रीमती अनुराधा और श्री देवेश त्यागी की सुपुत्री बताया गया है।
निमंत्रण पत्र के अनुसार, 14 नवंबर शनिवार को दोपहर 12 बजे से रिंग सेरेमनी शुरू होगी। इसके बाद मेहमानों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था रहेगी। आयोजन स्थल तालानगरी स्थित रामघाट कल्याण मार्ग पर रखा गया है। कार्ड में सेंट फिदेलिस स्कूल को लैंडमार्क बताया गया है। परिवार की ओर से निमंत्रण पत्रों का वितरण शुरू कर दिया गया है और समारोह में शामिल होने के लिए लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है।
इस पारिवारिक आयोजन के बाद नवंबर के अंतिम सप्ताह में दिल्ली में विवाह समारोह प्रस्तावित होने की भी चर्चा है। 26 और 27 नवंबर की तारीखें सामने आ रही हैं, हालांकि विवाह समारोह के स्थल और कार्यक्रम को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
इस संबंध में पूर्व सांसद और संदीप सिंह के पिता राजवीर सिंह राजू से बातचीत के प्रयास किए गए, लेकिन लखनऊ में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक और राजनीतिक व्यस्तताओं के चलते उनसे संपर्क नहीं हो सका। फिलहाल परिवार में समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं और तालानगरी में आयोजन स्थल को तैयार करने का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)