अशोक सिंघल की जन्मशताब्दी पर उनके योगदान याद करेगा विहिप:1 नवंबर को आईआईएमटी में होगा कार्यक्रम, मेरठ विभाग से 4 से 5 हजार कार्यकर्ता होंगे शामिल
विश्व हिंदू परिषद की ओर से श्रद्धेय अशोक सिंघल के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर 1 नवंबर को गंगानगर स्थित आईआईएमटी विश्वविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शुक्रवार को सूरजकुंड स्थित केशव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में विहिप के मेरठ प्रांत मंत्री राजकुमार डूंगर ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम दोपहर 2 बजे शुरू होगा। इसमें मेरठ विभाग से करीब चार से पांच हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। राजकुमार डूंगर ने बताया कि अशोक सिंघल का जन्मशताब्दी वर्ष 27 सितंबर से शुरू हुआ है। इसके तहत देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मेरठ प्रांत के नौ विभागों में भी कार्यक्रमों की शृंखला चल रही है। मेरठ विभाग के छह कार्यक्रम हो चुके हैं। इसी क्रम में 1 नवंबर को आईआईएमटी विश्वविद्यालय में आयोजन होगा। इसमें अशोक सिंघल के जीवन, उनके विचारों, हिंदू समाज के जागरण के लिए किए गए कार्यों और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में उनकी भूमिका पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल ने अपना पूरा जीवन हिंदू समाज को जागरूक करने और उसे स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ाने के लिए समर्पित किया। वर्ष 1980 में विश्व हिंदू परिषद से जुड़ने के बाद उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 17 नवंबर 2015 को उनके निधन तक समाज और धर्म के लिए उनका कार्य जारी रहा। जन्मशताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को उनके जीवन और योगदान से परिचित कराया जा रहा है। कार्यक्रम में विहिप के संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन मुख्य वक्ता होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जय प्रकाश मुख्य अतिथि और मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण गोविल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। गुरुकुल प्रभात आश्रम के कुलाधिपति स्वामी विवेकानंद सरस्वती संत आशीर्वचन देंगे। वहीं, विहिप के क्षेत्र संगठन मंत्री मुकेश खांडेकर और आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता की भी उपस्थिति रहेगी। प्रेसवार्ता में बजरंग दल के प्रांत संयोजक निमेष वशिष्ठ और विश्व हिंदू परिषद के प्रांत कोषाध्यक्ष राजीव गर्ग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)