लखीमपुर में 8 साल के बच्चे को तेंदुए ने मारा:घर से 20 मीटर दूर दुकान से लौटते वक्त हमला, गन्ने के खेत में मिला अधखाया शव

Oct 27, 2026 - 09:53
0
लखीमपुर में 8 साल के बच्चे को तेंदुए ने मारा:घर से 20 मीटर दूर दुकान से लौटते वक्त हमला, गन्ने के खेत में मिला अधखाया शव
लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र की शारदानगर वन रेंज के टॉपरपुरवा (बक्कसपुरवा) गांव में सोमवार शाम तेंदुए ने आठ साल के बच्चे को हमला कर मार डाला। विनोद कुमार का बेटा अमित कुमार शाम करीब 6 बजे घर से महज 20 मीटर दूर स्थित किराना दुकान से चिप्स लेकर लौट रहा था। तभी तेंदुआ उसे उठाकर गन्ने के खेत में ले गया। परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। करीब दो घंटे बाद रात 8 बजे घर से लगभग 500 मीटर दूर खेत में अमित का अधखाया शव मिला। वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में कॉम्बिंग कर रही है। टॉपरपुरवा निवासी विनोद कुमार (30) गांव में किराना की दुकान चलाते हैं। सोमवार शाम करीब 6 बजे उनका बेटा अमित दुकान से चिप्स लेकर घर लौट रहा था। दुकान घर से करीब 20 मीटर की दूरी पर है। इसी दौरान तेंदुए ने अमित को दबोच लिया और उठाकर गन्ने के खेत की ओर भाग गया। अचानक हुई घटना से परिजन घबरा गए। उन्होंने शोर मचाते हुए बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेंदुआ उसे लेकर खेत में जा चुका था। दो घंटे तलाश के बाद खेत में मिला शव बच्चे के लापता होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के खेतों में उसकी तलाश शुरू की। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। काफी खोजबीन के बाद रात करीब 8 बजे घर से लगभग 500 मीटर दूर गन्ने के खेत में अमित का शव मिला। तेंदुए के हमले में बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। तीन भाई-बहनों में इकलौता बेटा था अमित अमित अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता विनोद कुमार किराना की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में मां पूनम देवी (28), बड़ी बहन प्रियांशी (10), छोटी बहन आयुषी (4) और दादी माधुरी (50) हैं। अमित की मौत से मां और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों बहनों ने अपने इकलौते भाई को खो दिया। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है। गांव में दहशत, तेंदुए को पकड़ने के लिए लगेंगे पिंजरे आबादी के पास तेंदुए के हमले में बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों में डर है। लोगों को आशंका है कि तेंदुआ आसपास के गन्ने के खेतों में छिपा हो सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है। शारदानगर वन रेंज के रेंजर अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि तेंदुए के हमले में बच्चे की मौत हुई है। वन विभाग की टीम इलाके में कॉम्बिंग कर रही है और निगरानी रखी जा रही है। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जाएंगे। जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर है गांव टॉपरपुरवा (बक्कसपुरवा) गांव जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर है। घर के पास हुई इस घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी से बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है। वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की जा रही है। 10 दिन में चार बच्चों की मौत, वन्यजीवों के हमलों से दहशत लखीमपुर खीरी। जिले में करीब 10 दिनों के भीतर वन्यजीवों के हमलों में चार बच्चों की मौत की घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना बोझिया में हुई, जहां सात वर्षीय सानिया की जान चली गई। दूसरी घटना टॉपर फार्म क्षेत्र में हुई, जहां छह वर्षीय बच्चे की मौत हुई। तीसरी घटना रुकुंदीपुर के पास खजांचीपुरवा में हुई, जहां पांच वर्षीय अहम उर्फ रतन का शव मिला। अब सोमवार को टॉपरपुरवा गांव में आठ वर्षीय अमित की मौत हो गई। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीण इलाकों में दहशत है। लोग वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और हिंसक वन्यजीवों को पकड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User