लखनऊ की संस्कृति पर केंद्रित फिल्म:13 नवंबर को ‘लागी छूटे ना’ सिनेमाघरों में अखिल भारतीय स्तर पर रिलीज होगी
लखनऊ की तहजीब, बोलचाल और रिश्तों की पृष्ठभूमि पर बनी हिंदी फीचर फिल्म ‘लागी छूटे ना’ 13 नवंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में अखिल भारतीय स्तर पर रिलीज होगी। आनंद मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का लेखन और निर्देशन आनंद कुमार तिवारी ने किया है। फिल्म की कहानी लखनऊ के स्थानीय परिवेश और प्रेम संबंधों पर आधारित है। फिल्म में आशुतोष कुमार, दीप्रा मिश्रा और शालू सिंह मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहानी में प्रेम, पारिवारिक अपेक्षाओं, रिश्तों और जीवन के भावनात्मक उतार-चढ़ाव को उत्तर प्रदेश की सामाजिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि में प्रस्तुत किया गया है। फिल्म में लखनऊ की स्थानीय भाषा, रहन-सहन और लोगों के आपसी संबंधों को भी जगह दी गई है। फिल्म की शूटिंग लखनऊ के विभिन्न स्थानों पर हुई है। चंद्रिका देवी के पास स्थित अक्षय वट और सर्वोदय नगर सहित शहर की अन्य लोकेशनों पर महत्वपूर्ण दृश्य फिल्माए गए हैं। इसके अलावा, फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग सोनभद्र जिले में भी की गई है। शूटिंग में स्थानीय कलाकारों और क्रू सदस्यों ने भी योगदान दिया है। फिल्म के गीत ऋचा शर्मा, शाहिद माल्या और प्रियंका सिंह ने गाए हैं। सना अज़ीज़ की आवाज भी फिल्म के संगीत का हिस्सा है। संगीत और गीत अजय तिवारी ने तैयार किए हैं। फिल्म की सह-निर्माता आरती श्रीवास्तव हैं। पटकथा आनंद कुमार तिवारी ने लिखी है, जबकि संवाद लेखन में डॉ. मनोज प्रसाद और कृष्ण भारद्वाज ने सहयोग किया है। निर्देशक आनंद कुमार तिवारी ने बताया कि फिल्म में लखनऊ की संस्कृति, बोलचाल और भावनाओं को कहानी का हिस्सा बनाया गया है। उन्होंने कहा कि फिल्म के माध्यम से प्रेम, परिवार और सामाजिक परिस्थितियों के बीच बदलते रिश्तों को सहज रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)