हरदोई स्टेशन पर हुआ शॉर्ट सर्किट:एसी वेटिंग रूम में आग से मचा हड़कंप, समय रहते बुझाई गई आग

Oct 25, 2026 - 22:07
0
हरदोई स्टेशन पर हुआ शॉर्ट सर्किट:एसी वेटिंग रूम में आग से मचा हड़कंप, समय रहते बुझाई गई आग
हरदोई। जिले में रविवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) के चलते रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों और यात्रियों की भारी भीड़ थी। इसी दौरान देर शाम करीब 7 बजे स्टेशन परिसर स्थित एसी वेटिंग रूम के स्विच बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया। अग्निशमन यंत्र से आग पर पाया काबू घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवान मौके पर पहुंच गए। वेटिंग रूम संचालक की सतर्कता और सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। 15 से 20 मिनट तक रही अफरा-तफरी आग बुझने तक करीब 15 से 20 मिनट तक स्टेशन परिसर और वेटिंग रूम में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस दौरान अग्निशमन यंत्र से निकला सूखा रासायनिक पाउडर एसी वेटिंग रूम में फैल गया। स्थिति सामान्य होने के बाद रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। बिजली के काम के चलते शॉर्ट सर्किट की आशंका सूत्रों के अनुसार, इन दिनों स्टेशन पर विद्युत विभाग के काम चल रहे हैं। इसके चलते बिजली आपूर्ति में उतार-चढ़ाव और तारों पर अतिरिक्त दबाव होने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इसी वजह से शॉर्ट सर्किट हुआ होगा। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। PET परीक्षा के दिन स्टेशन पर बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों और यात्रियों की मौजूदगी के बीच आग लगने की घटना से खतरा बढ़ सकता था। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User