सांसद प्रदीप-अखिलेश को विधानसभा में उठाना चाहिए जनता के मुद्दे:मऊ में बोले- शिक्षक-स्नातक MLC चुनाव में भाजपा के 11 प्रत्याशियों की जीत तय
मऊ में झारखंड से भाजपा के राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार वर्मा ने मंगलवार शाम करीब 7 बजे जिला पंचायत कार्यालय परिसर में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव की उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रियता और जनता के मुद्दों को विधानसभा में उठाने को लेकर सवाल किए। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर खड़गे की टिप्पणी को अशोभनीय बताया। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर विपक्ष के सवालों को भी उन्होंने चुनाव आयोग के प्रति अविश्वास पैदा करने की कोशिश करार दिया। प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि यदि अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विकल्प बनना है, तो उन्हें विधानसभा में रहकर जनता के मुद्दों पर संघर्ष करना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली, पानी और पेयजल जैसी समस्याओं को विधानसभा में उठाने के बजाय अखिलेश यादव वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद दिल्ली चले गए। वर्मा ने सवाल किया कि प्रदेश से बाहर रहकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में भाजपा को चुनौती देने की बात कैसे की जा सकती है। खड़गे की टिप्पणी को बताया अशोभनीय भाजपा सांसद ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस कथित बयान की आलोचना की, जो उन्होंने पटना में श्रीबाबू की 149वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिया था। वर्मा ने कहा कि सार्वजनिक मंचों से इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने खड़गे के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसे वक्तव्यों पर प्रतिक्रिया देना भी वह उचित नहीं समझते। SIR पर विपक्ष के सवालों को लेकर साधा निशाना मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर वर्मा ने कहा कि मृत मतदाताओं के नाम हटाना, स्थानांतरित मतदाताओं के नामों में जरूरी संशोधन करना और नए मतदाताओं को जोड़ना चुनाव आयोग की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव जैसे नेता इस प्रक्रिया पर सवाल उठाकर लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति लोगों में अविश्वास पैदा करना चाहते हैं। MLC चुनाव में सभी 11 सीटें जीतने का दावा भाजपा सांसद ने शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव में पार्टी के सभी 11 प्रत्याशियों की जीत का दावा भी किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने चुनाव में मेहनत की है और बड़ी संख्या में शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं ने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)