लखनऊ में परिषद ने बनाए छह संग्रह केंद्र:मानवाधिकार जनसेवा परिषद ने कुड़िया घाट पर किया हजारों मूर्तियों का विसर्जन
लखनऊ में मानवाधिकार जनसेवा परिषद की ओर से दिवाली के बाद पूजित और खंडित मूर्तियों के सम्मानजनक विसर्जन का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को पहले चरण में एकत्रित हजारों मूर्तियों का कुड़िया घाट स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल पर विसर्जन किया गया। इस दौरान परिषद के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा, रेखा शर्मा, आशा सिंह और रंजीत राय मौजूद रहे। परिषद के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से यह अभियान चला रही है। इसका उद्देश्य पूजा के बाद अनुपयोगी हो चुकी मूर्तियों और भगवान के चित्रों को सड़क किनारे, पेड़ों के नीचे और पार्कों जैसे सार्वजनिक स्थानों पर रखे जाने से रोकना है। शहर में बनाए गए छह संग्रह केंद्र रूप कुमार शर्मा ने बताया कि दिवाली पर भगवान गणेश और लक्ष्मी की पूजा के बाद कई लोग पुरानी और खंडित मूर्तियों व तस्वीरों को सार्वजनिक स्थानों पर छोड़ देते हैं। इससे धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। इसी को देखते हुए परिषद शहर के विभिन्न इलाकों से नागरिकों के सहयोग से ऐसी मूर्तियां और तस्वीरें एकत्रित कर उनका सम्मानपूर्वक विसर्जन करती है। इसके लिए गोमतीनगर के विवेक खंड और विनय खंड, विनीत खंड, इंदिरानगर तथा खरगापुर में छह संग्रह केंद्र बनाए गए हैं। इनमें रूप कुमार शर्मा, प्रदीप कुमार शर्मा, आशा सिंह, सविता शुक्ला, रेनू तिवारी और कुसुम वर्मा के यहां मूर्तियां जमा की जा सकती हैं। परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे पूजित और खंडित मूर्तियों को इधर-उधर रखने के बजाय निर्धारित संग्रह केंद्रों पर पहुंचाएं, ताकि उनका सम्मानपूर्वक विसर्जन किया जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)