मौरंग चेकिंग के दौरान टीम से मारपीट,ट्रक लेकर भागे आरोपी:महोबा में ड्राइवर संतोष से मारपीट; दो नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र में अवैध मौरंग परिवहन की जांच के दौरान खनिज विभाग की टीम के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। लौडी तिगेला के पास टीम ने मौरंग लदे ट्रक के चालक से रॉयल्टी और जरूरी कागजात मांगे तो विवाद हो गया। आरोप है कि कार से पहुंचे दबंगों ने खनिज टीम के ड्राइवर के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए ट्रक लेकर फरार हो गए। पुलिस ने दो नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रॉयल्टी और कागजात मांगने पर शुरू हुआ विवाद खनिज कार्यालय में तैनात खनिज मोहर्रिर विनोद राजकमल के मुताबिक, 18 नवंबर की शाम करीब 7 बजे वह टीम के साथ लौडी तिगेला के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान कुम्हरोड़ा रोड की तरफ से लाल मौरंग लदा ट्रक (UP95T3993) आया। टीम ने चालक से रॉयल्टी और परिवहन से जुड़े प्रपत्र मांगे, लेकिन उसने कागजात देने से इनकार कर दिया। इसके बाद टीम ट्रक को भटीपुरा पुलिस चौकी ले जाने का प्रयास करने लगी। ऑल्टो कार से पहुंचे 5-6 लोग, ड्राइवर से मारपीट तहरीर के मुताबिक, इसी दौरान ऑल्टो कार (UP95R1135) से करीब पांच से छह लोग मौके पर पहुंचे। इनमें जितेंद्र पाठक और शिवम पाठक के अलावा चार अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है। आरोप है कि सभी ने खनिज विभाग की टीम से अभद्रता की। इसके बाद टीम के ड्राइवर संतोष के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। खनिज टीम के कब्जे से ट्रक लेकर हुए फरार आरोप है कि दबंग मौरंग लदे ट्रक को लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई। इसके बाद एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी ट्रक लेकर निकल चुके थे। दो नामजद समेत छह आरोपियों पर मुकदमा दर्ज खनिज अधिकारी आरबी सिंह ने गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे बताया कि बिना रॉयल्टी के ट्रक रोके जाने पर टीम के साथ अभद्रता की गई। खनिज मोहर्रिर की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 132, 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)