मेरठ में बहन से बात करने पर युवक की हत्या:शव गंगनहर में फेंका,15 दिन तक तलाशते रहे परिजन, एसएसपी दफ्तर पर हंगामे के बाद खुला राज
कंकरखेड़ा के सिंधावली गांव निवासी 21 वर्षीय रोहित की हत्या कर शव गंगनहर में फेंक दिया गया। रोहित 1 नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ था। उसकी बरामदगी की मांग को लेकर रविवार को परिजनों ने एसएसपी कार्यालय पर हंगामा किया था। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने सोमवार को चार आरोपियों अक्षय, कुणाल, अमित और जतिन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि रोहित मुख्य आरोपी सुजल की बहन से बात करता था। मना करने के बावजूद वह नहीं माना तो सुजल ने अपने चचेरे भाई और दोस्तों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने पहले रोहित को शराब और गांजा पिलाया, फिर भोला झाल के पास गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव गंगनहर में फेंक दिया। मुख्य आरोपी सुजल अभी फरार है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें गंगनहर में रोहित के शव की तलाश कर रही हैं। एक नवंबर से लापता था रोहित सिंधावली गांव निवासी रोहित मजदूरी करता था। वह एक नवंबर से लापता था। परिजनों ने चार नवंबर को पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद पांच नवंबर को उसकी गुमशुदगी दर्ज की गई। रविवार को रोहित की बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों ने एसएसपी कार्यालय पर हंगामा किया था। परिजनों ने गांव के ही चार युवकों पर रोहित को गायब करने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की और गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में गांव का ही कुणाल बाइक पर रोहित को ले जाता दिखाई दिया। पुलिस ने कुणाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरी वारदात का खुलासा हुआ। उसकी निशानदेही पर अक्षय, अमित और जतिन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि रोहित का गांव निवासी सुजल की बहन से प्रेम प्रसंग था। सुजल ने रोहित को अपनी बहन से बातचीत बंद करने के लिए कहा था, लेकिन दोनों के बीच बातचीत जारी रही। इसी बात से नाराज होकर सुजल ने अपने चचेरे भाई अक्षय और दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। तमंचा नहीं मिला तो गला दबाकर की हत्या पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रोहित की गोली मारकर हत्या करना चाहते थे। इसके लिए तमंचा और कारतूस खरीदने की कोशिश भी की, लेकिन इंतजाम नहीं हो सका। इसके बाद एक नवंबर को सुजल रोहित को बाइक पर बैठाकर भोला झाल ले गया। वहां आरोपियों ने उसके साथ शराब पार्टी की और गांजा भी पिलाया। रोहित के नशे में होने पर अक्षय ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। उस समय सुजल, कुणाल, अमित और जतिन भी मौके पर मौजूद थे। नहर में पानी छोड़ा तो बह गया शव हत्या के बाद आरोपियों ने शव को गंगनहर में झाड़ियों के पास फेंक दिया। आरोपियों के मुताबिक, वारदात के समय नहर में पानी नहीं था। आठ नवंबर को नहर में पानी छोड़े जाने के बाद शव बह गया। पुलिस ने भोला झाल के आसपास पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश कराई, लेकिन शव नहीं मिला। अब पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें गंगनहर में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। चार गिरफ्तार, सुजल की तलाश जारी एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि रोहित की हत्या के आरोप में अक्षय, कुणाल, अमित और जतिन को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी सुजल अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहीं, सीओ दौराला शिव ठाकुर के अनुसार, हत्या की वजह रोहित का सुजल की बहन से बातचीत करना था। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)