एक महीने से तेंदुए की दहशत में जी रहे थे:काशी में लोग बोले- अब पिंजरे में कैद हुआ, रात डेढ़ बजे तक दहाड़ता रहा

Nov 17, 2026 - 07:16
0
एक महीने से तेंदुए की दहशत में जी रहे थे:काशी में लोग बोले- अब पिंजरे में कैद हुआ, रात डेढ़ बजे तक दहाड़ता रहा
वाराणसी के कैंटोनमेंट स्थित सेंट मेरी स्कूल में 21 अक्टूबर को पहली बार दिखाई दिया तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। सोमवार देर रात बंगला नंबर-61 के परिसर में लगाए गए पिंजरे में वह फंस गया। रात करीब डेढ़ बजे उसकी दहाड़ सुनाई दी। सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो तेंदुआ पिंजरे में कैद मिला। इसके बाद कैंटोनमेंट के लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर बंगला नंबर-61 से जंगल में छोड़ने के लिए रवाना हो गई। पशु चिकित्सकों की जांच में तेंदुआ स्वस्थ मिला है। उसकी उम्र करीब 5 से 7 साल और लिंग नर बताया गया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि तेंदुआ वाराणसी के रिहायशी इलाके में कहां से पहुंचा था। इस बंगले में रहने वाले और कैंटोनमेंट में रहने वाले लोग किस तरह दशहत में जी रहे थे और वन विभाग की टीम ने क्या बताया ? इसके अलावा वाइल्ड लाइफ से जुड़े लोगों ने तेंदुए के शहरी क्षेत्र में आने की संभावना पर क्या कहा ? इसपर दैनिक भास्कर ने सभी से बात की; पढ़िए रिपोर्ट... सबसे पहले देखिये तेंदुए की तीन तस्वीरें… अब जानिए बंगला नंबर 61 में रह रहे पॉल जीनिया ने क्या बताया ?… 15 दिन पहले हमारे घर आये थे रेंजर पॉल जिनिया ने बताया - हम इसी बंगले में पैदा हुए और हमारा पूरा परिवार इसी में रहता है। हमने कई बकरियां भी पाल रखी है। दशहरे के दुसरे दिन से वाराणसी में तेंदुए की दहशत थी और कैंटोनमेंट में ही वह स्पॉट हुआ था। आज से लगभग 15 दिन पहले हमारी तीन बकरियां बंगले में ही टहल रही थीं। तीनों को हमने आवाज़ दी तो दो लौटी पर एक नहीं लौटी। उसे बहुत खोजा नहीं मिली। एक दिन उसका क्षत विक्षत शव मिला। जिससे मै घबरा गया और वन विभाग की टीम को सूचना दी और 15 दिन पहले रेंजर यहां आये पिंजड़ा लगवाया। पहले करीब फिर दूर किया पिंजरा पॉल ने बताया - पहले हमारे घर के करीब ही पिंजड़ा लगाया था। ऐसे में हम लोगों में दहशत थी। और धीरे-धीरे करके हमारी तीन बकरियां गायब हो गई। इसपर हमने रेंजर्स को बताया तो जिस दिशा में बकरियों के अवशेष मिले थे वहां पिंजड़ा लगाया गया। एक दिन अचानक शाम में तेज से गुर्राने की आवाज आयी और मेरी एक बकरी फिर मरी तो एहसास हो गया कि यह तेंदुआ ही है। वनविभाग के लोग दिन भर यहां रहते थे। लेकिन शाम के बाद रात भर हमें डर के रहना पड़ता था। रात डेढ़ बजे आयी खूंखार आवाज पॉल ने बताया - बीती रात डेढ़ बजे बड़ी खूंखार आवाज आयी। यह आवाज काफी देर तक आती रही। इससे यह साफ हो गया कि पिंजड़े में कोई जानवर फंसा हुआ है। ऐसे हमने रेंजर्स को फोन कर सुबह ही बताया। रेंजर्स आये और उस तरफ गए तो वहां एक तेंदुआ पकड़ा गया है। इसके बाद हम लोगों ने राहत की सांस ली है। अब जानिए डीएफओ और पशु चिकित्साधिकारी ने क्या बताया ?…. हम एक महीने से कर रहे थे तलाश डीएफओ निधि चौहान ने बताया -कुछ दिनों पहले जो सूचना आई थी कि एक तेंदुआ या संदिग्ध वन्यजीव घूम रहा है। क्योंकि पहले यह क्लियर नहीं हो पा रहा था की वह कौन सा जानवर है। ऐसे में उसकी सुरक्षा को देखते हुए हमने यहां पर कई जगह पर केज (पिंजरे) लगाए गए थे। फाइनली कल रात्रि में या अर्ली मॉर्निंग में जो लेपर्ड (तेंदुआ) है वह केज में आ गया है। तो अब हम एसओपी (SOP) के अनुसार आगे की कार्रवाई कर रहे हैं। अफवाहों और लापरवाही पर डीएफओ ने कहा - कई जगह से क्योंकि हमारे पास जो फोटोज-वीडियोज आए थे, उनमें कई जगह किसी में कुत्ता आ रहा था, किसी में बिल्ली आ रही थी। तो ऐसे फेक वीडियोज भी काफी बाहर आ रहे थे, तो उस टाइम कुछ भी कहना क्योंकि पॉसिबल नहीं था। तो इसलिए हम सुरक्षा की दृष्टि से हमने अपनी टीम्स लगाकर सभी जगह स्टाफ नियुक्त किए थे और उसी की सुरक्षा को देखते हुए हमने केजेस लगाए थे। तो फाइनली अब वह ट्रैप हो गया है 5 से 7 साल का नर तेंदुआ, पूरी तरह स्वस्थ तेंदुआ पकड़े जाने के बाद पशु चिकीत्सकों की टीम बंगला नंबर-61 पहुंची और उसकी जांच की; जांच के बाद पशु चिकित्साधिकारी डॉ आलोक पांडेय ने बताया - ये लेपर्ड (तेंदुआ) है, और मेल (नर) है, और यंग है। एज इसकी करीब 5 से 7 ईयर के बीच में सस्पेक्टेड है कि इसी के बीच में होगी। ठीक है, एनिमल हेल्दी है, एक्टिव है। कहीं कोई चोट वगैरह के निशान नहीं हैं। इन्होंने बहुत आसानी से उसको रेस्क्यू किया हुआ है, विदाउट एनी हार्म एंड इंजरी। मैं देख के आया, हेल्थ कंडीशन उसकी ठीक है। ऐसे में इसे बिना ट्राइकोलाइजेशन के रेस्क्यू किया जाएगा। अब जानिए वाइल्ड लाइफ के जानकार ने क्या बताया ? कुत्तों को बनाते हैं शिकार वाइल्ड लाइफ में वर्षों तक काम कर चुके वाराणसी के रहने वाले युवक ने बताया - शहरी क्षेत्र में तेंदुए का आना काफी आश्चर्य का विषय है। लेकिन ये जो जगह है वह जंगल की तरह है तो उसके लिए मुफीद थी। तेंदुए को यहां पर्याप्त भोजन भी मिल रहा था क्योंकि उसका सबसे अच्छा खाना कुत्ता होता है। हम लोगों को जब यह सूचना मिली थी की तेंदुआ है कैंटोनमेंट में तो हम अक्सर लोगों से पूछते थे की क्या कोई कुत्ता गायब है। जो नहीं दिखा हो। लकड़ियों के साथ ट्रेवल कर आने की संभावना ज्यादा युवक संभावना जताते हुए कहा - उत्तराखंड में एक चीज का रिपीटिशन काफी बार मिला है कि कटान की लकड़ियों के बीच मिला तेंदुआ। ये लकड़ियों के गट्ठर में छुपकर भी ट्रेवल कर जाते हैं। हो सकता है कि लकड़ियों के साथ वह बनारस पहुंचा हो और इधर भटक गया हो। लेकिन यह किसी भी तरह से सच नहीं है। वन विभाग इस बात का पता लगा रहा है कि आखिर तेंदुआ यहां कैसे आया। रही बात चंदौली से यहां आने की तो यह मुमकिन नहीं कि बिना किसी को शिकार बनाये चंदौली से इतनी दूर आराम से तेंदुआ पहुंच जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User