मेरठ में चारों दोषियों की जेल बदलेगी:मुस्कान-रविता लखनऊ, साहिल-अमरदीप आगरा भेजे जाएंगे; जेल प्रशासन ने डीजी को भेजा लेटर
मेरठ के चर्चित नीले ड्रम और सांपकांड में फांसी की सजा पाए चारों दोषियों को दूसरी जेलों में शिफ्ट करने की तैयारी शुरू हो गई है। जेल प्रशासन ने इसके लिए डीजी जेल, लखनऊ को पत्र भेजा है। सौरभ राजपूत हत्याकांड में दोषी मुस्कान और साहिल को लखनऊ व आगरा जेल भेजने की तैयारी है। अमित कश्यप हत्याकांड में दोषी रविता और अमरदीप को भी अलग-अलग जेलों में शिफ्ट किया जाएगा। प्रस्ताव के मुताबिक, मुस्कान और रविता को लखनऊ की महिला जेल, जबकि साहिल और अमरदीप को आगरा जेल भेजा जाएगा। हालांकि, शिफ्टिंग दूसरी जेलों में जगह खाली होने और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी। आगरा और लखनऊ जेल भेजने की तैयारी मेरठ के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने डीजी जेल, लखनऊ को पत्र भेजकर चारों सजायाफ्ता कैदियों को दूसरी जेलों में शिफ्ट करने की मांग की है। जेल प्रशासन के मुताबिक, नियमों के तहत फांसी की सजा पाए इन बंदियों को दूसरी जेलों में भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। सौरभ राजपूत हत्याकांड में मुस्कान और साहिल को 14 अक्टूबर को फांसी की सजा सुनाई गई थी। वहीं, अमित कश्यप हत्याकांड में रविता और अमरदीप को 16 अक्टूबर को मृत्युदंड दिया गया था। जेल में जगह खाली होने पर होगी शिफ्टिंग जेल प्रशासन के मुताबिक, चारों बंदियों को दूसरी जेलों में तभी भेजा जाएगा, जब वहां जगह उपलब्ध होगी। पहले से प्रतीक्षा सूची में शामिल बंदियों को नियमानुसार भेजा जाएगा। इसके बाद इन चारों की शिफ्टिंग होगी। शिफ्टिंग होने पर मुस्कान और साहिल अलग-अलग जेलों में होंगे। इसी तरह रविता और अमरदीप को भी अलग रखा जाएगा। हाईकोर्ट में दाखिल की अपील चारों दोषियों ने फांसी की सजा के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील दाखिल की है। मुस्कान और साहिल ने अपने केस के लिए निजी वकील सुशील शुक्ला को नियुक्त किया है। वहीं, रविता और अमरदीप की ओर से अधिवक्ता निधि त्रिवेदी और रविकेंद्र प्रताप सिंह ने अपील दाखिल की है। दोषी पक्ष के वकील हाईकोर्ट में केस की सुनवाई की तारीखों की जानकारी भी ले रहे हैं। हाईकोर्ट की मंजूरी के बाद सुप्रीम कोर्ट जाएगा मामला जिला शासकीय अधिवक्ता केके चौबे के मुताबिक, दोनों मामलों में चारों दोषियों को फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है। अब मृत्युदंड की पुष्टि के लिए मामले हाईकोर्ट में भेजे गए हैं। हाईकोर्ट की मंजूरी के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट तक जा सकता है। 2025 में हुए थे दोनों चर्चित हत्याकांड सौरभ राजपूत हत्याकांड: पुलिस और अभियोजन पक्ष के मुताबिक, मुस्कान और साहिल ने सौरभ के सीने में चाकू से वार कर उसकी हत्या की थी। इसके बाद शव के चार टुकड़े कर प्लास्टिक के नीले ड्रम में डाल दिए थे। शव को छिपाने के लिए उसमें सीमेंट और रेत का घोल भी डाला गया था। इसके बाद दोनों घूमने चले गए थे। अमित कश्यप हत्याकांड: अभियोजन पक्ष के मुताबिक, रविता और अमरदीप ने अमित को नशीला दूध पिलाया और बेहोशी की हालत में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मौत को सांप के काटने का मामला दिखाने के लिए बिस्तर पर घोड़ा पछाड़ सांप छोड़ दिया था। पोस्टमार्टम और जांच में हत्या का मामला सामने आया। दोनों हत्याकांड वर्ष 2025 में मेरठ में हुए थे और इन मामलों में अदालतें चारों दोषियों को फांसी की सजा सुना चुकी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)