संभल में तेज रफ्तार अर्टिगा ने बाइक को मारी टक्कर:जीजा-साले समेत 3 की मौत, जागरण के बाद साले और रिश्तेदार को चंदौसी छोड़ने जा रहा थे
संभल में आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर बनियाठेर थाना क्षेत्र में टी-पॉइंट के पास शुक्रवार रात तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जीजा-साले समेत तीन लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक को कार करीब 100 से 150 मीटर तक घसीटती ले गई। इसके बाद दोनों वाहन सड़क किनारे खंदी में जा गिरे। हादसे में कार चालक भी घायल हुआ है। मृतकों की पहचान धर्मेंद्र (32) पुत्र चरण सिंह निवासी अफजलपुर डरौली, थाना बनियाठेर, सुमित (18) पुत्र मुकेश निवासी गुजरेला, थाना शाहबाद, रामपुर और सोनू (19) पुत्र सत्यभान निवासी नेवली, थाना उघैती, बदायूं के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, धर्मेंद्र के घर गुरुवार रात नवरात्र महोत्सव के तहत जागरण हुआ था। इसमें उसका साला सुमित और रिश्तेदार सोनू समेत कई लोग शामिल होने आए थे। शुक्रवार को खाने का कार्यक्रम होने के बाद रात करीब 8:40 बजे धर्मेंद्र दोनों को बाइक से चंदौसी छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान बहजोई की ओर से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा ने बाइक को टक्कर मार दी। एक घंटे की तलाश के बाद झाड़ियों में मिला सुमित हादसे के बाद धर्मेंद्र की मौत हो गई, जबकि सुमित घटनास्थल से दूर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा। परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके साथ एक युवक और था। इसके बाद पुलिस ने दोबारा घटनास्थल पर तलाश शुरू की। करीब एक घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद रात लगभग 10 बजे सुमित घायल अवस्था में झाड़ियों में पड़ा मिला। उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं, तीसरे युवक सोनू ने दिल्ली जाते समय रास्ते में मध्यरात्रि करीब 12:40 बजे दम तोड़ दिया। जीजा-साले की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। धर्मेंद्र अपने पीछे पत्नी प्रीति और चार बच्चों को छोड़ गया है। अर्टिगा चालक की तलाश कर रही पुलिस सीओ विवेक जावला ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार तीनों लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे में अर्टिगा कार का चालक भी घायल हुआ है। वह किसी अस्पताल में भर्ती हुआ है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)