वाराणसी की आज की 10 बड़ी खबरें:मुस्लिम महिलाओं ने की श्रीराम की आरती, कार ने मैकेनिक को कुचला; दरोगा की बाइक चोरी

Nov 08, 2026 - 19:03
0
वाराणसी की आज की 10 बड़ी खबरें:मुस्लिम महिलाओं ने की श्रीराम की आरती, कार ने मैकेनिक को कुचला; दरोगा की बाइक चोरी
नमस्कार, वाराणसी की आज (रविवार) की बड़ी खबरें… लमही स्थित सुभाष भवन में दीपावली पर मुस्लिम महिलाओं ने भगवान श्रीराम और माता जानकी की पूजा-अर्चना की। आरती उतारी। दौलतपुर में तेज रफ्तार कार ने बाइक मैकेनिक गोपी राजभर को कुचला। उधर, चोरों ने जंसा थाने में तैनात दरोगा अजय कुमार की बाइक चोरी कर ली। सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें- 1- काशी में मुस्लिम महिलाओं ने की श्रीराम की आरती, हनुमान चालीसा पढ़ी काशी के लमही स्थित सुभाष भवन में दीपावली पर मुस्लिम महिला फाउंडेशन की महिलाओं ने भगवान श्रीराम और माता जानकी की पूजा-अर्चना की। भोग लगाने के बाद आरती की और हनुमान चालीसा का पाठ किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नाजनीन अंसारी ने कहा कि धर्म बदल सकता है, लेकिन पूर्वज और परंपराएं नहीं। फाउंडेशन 20 साल से दीपावली और रामनवमी पर पूजा करता आ रहा है। इसमें हिंदू और मुस्लिम महिलाएं शामिल होती हैं। पढ़ें पूरी खबर... 2- काशी में अक्षयवट हनुमान का जन्मोत्सव, 51 किलो लड्डुओं का भोग श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में रविवार को अक्षयवट हनुमान का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बाबा का पंचामृत से महाभिषेक और फूलों से शृंगार किया गया। 51 किलो लड्डुओं का भोग लगाया गया। आधी रात से शुरू हुई विशेष पूजा के बाद सुबह महाआरती हुई। कपाट खुलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं, संकटमोचन मंदिर में भी हनुमान जी की विशेष झांकी के दर्शन के लिए भक्त पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर... 3- बिना नंबर की तेज रफ्तार कार ने मैकेनिक को कुचला, हालत गंभीर वाराणसी के दौलतपुर में रविवार सुबह तेज रफ्तार सफेद कार ने बाइक मैकेनिक गोपी राजभर (जौनपुर) को टक्कर मार दी। हादसे में वह कार के नीचे फंसकर घिसट गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर है। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। कार नई और बिना नंबर प्लेट की बताई जा रही है। परिजनों ने पुलिस को फुटेज सौंपकर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर... 4- बिस्मिल्लाह खां की बेटी बोलीं- घर पर हथौड़ा नहीं, हमारे दिल पर चल रहा भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पुश्तैनी मकान को तोड़े जाने पर उनकी बड़ी बेटी जरीना बेगम भावुक हो गईं। आप सांसद संजय सिंह ने उनका 2:44 मिनट का वीडियो एक्स पर पोस्ट किया। जरीना ने सरकार से अब्बा का संग्रहालय बनवाने और उनके कमरे को हूबहू पुराने स्वरूप में सुरक्षित रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि मकान पर चल रहा हथौड़ा उनके दिल पर चोट कर रहा है। अब आंसू भी सूख गए हैं। पढ़ें पूरी खबर... 5- प्रेमचंद के मैकू का परिवार आज भी बना रहा दीये, बोला- हमारा जीवन बस बीत रहा वाराणसी के पांडेयपुर में मुंशी प्रेमचंद की कहानी के पात्र मैकू प्रजापति का परिवार आज भी मिट्टी के दीये बना रहा है। परिवार का कहना है कि महंगाई और बारिश से करीब 30 हजार दीयों की बिक्री प्रभावित हुई। सरकार से सिर्फ इलेक्ट्रिक चाक और राशन मिलता है। परिवार के लोगों ने पेंशन और आर्थिक मदद की मांग की। दूसरों के घर रोशन करने वाला परिवार खुद आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। पढ़ें पूरी खबर... 6- काशी की फूल मंडी में उमड़ी भीड़, तूफान के नुकसान के बीच किसानों को मिले अच्छे दाम वाराणसी की मलदहिया किसान फूल मंडी में दीपावली पर सुबह से खरीदारों की भीड़ उमड़ी। कमल, गेंदा और गुलाब की खूब बिक्री हुई। किसानों के मुताबिक, अर्नब तूफान से करीब 40% फसल बर्बाद हुई, लेकिन त्योहार की मांग से अच्छे दाम मिल रहे हैं। मंडी में गेंदा 5 से 7 हजार रुपए सैकड़ा, गुलाब की पंखुड़ी 400-800 रुपए किलो और कमल का फूल 30 रुपए का बिक रहा है। पढ़ें पूरी खबर... 7- जंसा थाने के दरोगा की बाइक चोरी, अपने ही थाने में दर्ज कराया केस वाराणसी के चौखंडी गांव में चोरों ने जंसा थाने में तैनात दरोगा अजय कुमार की बाइक चोरी कर ली। दरोगा 2 नवंबर की रात टीवीएस अपाचे किराये के कमरे के बाहर खड़ी कर सो गए थे। सुबह बाइक गायब मिली। दो-तीन दिन तलाश के बाद भी सुराग नहीं लगा तो 7 नवंबर को अपने ही थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। घटना से इलाके में वाहन सुरक्षा और पुलिस गश्त पर सवाल उठे हैं। पढ़ें पूरी खबर… 8- बिस्मिल्लाह खां के मकान पर भाजपा का जवाब- परिवार का विवाद सुलझा, संग्रहालय बनेगा वाराणसी में भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पुश्तैनी मकान को तोड़े जाने पर सियासत तेज हो गई है। अखिलेश यादव के आरोपों पर भाजपा ने कहा कि परिवार के बीच संपत्ति विवाद सुलझ चुका है और जर्जर मकान में संग्रहालय बनाया जाएगा। इसमें उस्ताद की शहनाई, पुरस्कार और सांगीतिक विरासत सुरक्षित रखी जाएगी। वहीं, आप सांसद संजय सिंह ने पुलिस पर परिवार को डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। पढ़ें पूरी खबर… 9- लालपुर चौकी से 400 मीटर दूर युवक को मारी गोली, दो नामजद वाराणसी के लालपुर इलाके में शुक्रवार देर रात बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने आदर्श गुप्ता को गोली मार दी। वारदात पुलिस चौकी से महज 400 मीटर दूर हुई। आदर्श के कंधे में गोली लगी है। उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने लव और कुश के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई सामने आई है। पढ़ें पूरी खबर… 10- बेटी के जन्मदिन पर फूड बैंक ने खाना बांटा, पूड़ी-सब्जी, हलुआ और मिठाई दी वाराणसी के चेतगंज में दीपावली पर फूड बैंक वाराणसी ने जरूरतमंदों को पूड़ी-सब्जी, हलुआ और मिठाई वितरित की। आयोजन संस्था के सदस्य दीपक जायसवाल की बेटी के जन्मदिन पर हुआ। इस दौरान लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दी गईं। संस्था पिछले कई महीनों से प्रतिदिन जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध करा रही है। पढ़ें पूरी खबर...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User