बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर पिकअप से टकराई कार, एक की मौत:हादसे में 11 लोग घायल; चित्रकूट से दर्शन-दीपदान कर लौट रहा था परिवार
बांदा में रविवार सुबह करीब 10 बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकरा गई। हादसे में कार सवार 11 लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी बिसंडा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 50 वर्षीय किसान राजाराम को मृत घोषित कर दिया। 8 घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बांदा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसा बिसंडा थाना क्षेत्र के पुनाहुर गांव के पास एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 18.2 पर हुआ। फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी गांव निवासी दिनेश कुमार शनिवार शाम परिवार और पड़ोसियों के साथ सीएनजी कार से चित्रकूट दर्शन करने गए थे। रविवार सुबह सभी लोग घर लौट रहे थे। पंचर पहिया बदल रहे थे पिकअप सवार कानपुर देहात निवासी मिथलेश की पिकअप का पहिया पंचर हो गया था। उन्होंने एक्सप्रेस-वे किनारे वाहन खड़ा कर दिया और पहिया बदलने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रही कार अनियंत्रित होकर पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सवार सभी लोग घायल हो गए। 8 घायलों को मेडिकल कॉलेज किया रेफर सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी बिसंडा ले गई। वहां डॉक्टरों ने राजाराम (50) को मृत घोषित कर दिया। अमित (32), आरती (31), कमल कुमारी (30), शिवानी (32), दिनेश (50), फूलचंद्र (45), अनिल (38) और बुधिया (52) को प्राथमिक उपचार के बाद बांदा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहीं राधा (35) और पूजा (26) को मामूली चोटें आईं। उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई। दीपावली पर चित्रकूट दर्शन और दीपदान करने गए थे राजाराम के छोटे भाई फूलचंद्र ने बताया कि सभी लोग हर साल की तरह इस बार भी दीपावली पर चित्रकूट दर्शन और दीपदान करने गए थे। शनिवार शाम गांव से निकलकर रात में चित्रकूट पहुंचे थे। वहां मंदाकिनी नदी में स्नान करने के बाद परिक्रमा और दर्शन किए। फूलचंद्र के मुताबिक, सभी लोग जल्द घर पहुंचने के लिए बिना आराम किए वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चालक को झपकी आ गई और कार सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकरा गई। मजदूरी के साथ बटाई पर करते थे खेती राजाराम गांव में मजदूरी करने के साथ ही बटाई पर 10 बीघा जमीन लेकर खेती करते थे। उनके परिवार में पत्नी ममता और पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे और दो बेटियां हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी ममता समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया की सड़क हादसे में एक की मौत हो गई है, पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घायलों को मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)