मेरठ में जुए के अड्डे पर 17 लोग गिरफ्तार:42 हजार नकदी बरामद, नौचंदी पुलिस को भनक तक नहीं लगी
मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र के ढवाईनगर में रविवार रात पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की। नाले की पटरी के पास एक प्लॉट में झोपड़ी डालकर जुआ खिलाए जाने की सूचना पर एएसपी दीक्षा भोरिया और स्वाट टीम नगर ने संयुक्त रूप से दबिश दी। पुलिस ने मौके से वसीम उर्फ अन्ना समेत 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 42 हजार रुपये की नकदी, ताश के पत्ते, पर्चियां और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद हुई है। कार्रवाई की खास बात यह रही कि स्थानीय नौचंदी थाना पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगने दी गई। एसएसपी के निर्देश पर बनाई गई टीम
पुलिस के अनुसार, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति को रविवार रात सूचना मिली थी कि ढवाईनगर निवासी वसीम उर्फ अन्ना नाले के पास झोपड़ी में बड़े स्तर पर जुआ संचालित कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सिविल लाइंस एएसपी दीक्षा भोरिया को टीम के साथ छापेमारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद एएसपी की टीम और स्वाट टीम नगर ने संयुक्त रणनीति बनाकर मौके पर दबिश दी। भागने की कोशिश नाकाम, 17 पकड़े गए
अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को देखकर जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। कार्यवाही के दौरान मुख्य आरोपी बताए जा रहे वसीम उर्फ अन्ना सहित 17 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस बरामद नकदी और अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपियों से पूछताछ कर रही है। स्थानीय पुलिस की भूमिका पर चर्चा
पूरी कार्रवाई नौचंदी थाना पुलिस को जानकारी दिए बिना की गई। इसके बाद क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई कि आखिर स्थानीय पुलिस को जुए के अड्डे की जानकारी क्यों नहीं थी। यह भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या यहां लंबे समय से जुआ संचालित हो रहा था। हालांकि, स्थानीय पुलिस की मिलीभगत को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एएसपी दीक्षा भोरिया ने बताया कि प्लॉट में झोपड़ी डालकर जुआ खिलाए जाने की सूचना पर कार्रवाई की गई। मौके से 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)