आगरा में राष्ट्रीय क्षत्रिय वीरता एवं विजय पर्व समारोह आयोजित:राष्ट्रीय क्षत्रिय महासंगम में लगे यूजीसी विरोधी में नारे, 10 जनवरी जाएंगे दिल्ली
यूजीसी के कथित काले कानून के विरोध में 10 जनवरी को आगरा से दिल्ली तक पैदल न्याय यात्रा निकाली जाएगी। रविवार को आरबीएस कॉलेज के राव कृष्णपाल सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय क्षत्रिय वीरता एवं विजय पर्व समारोह में राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने यह ऐलान किया। उन्होंने समाज के लोगों से यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम में 'काला कानून वापस लो' और 'यूजीसी रोलबैक' के नारे भी लगाए गए। क्षत्रिय सभा जिला आगरा की ओर से विजयादशमी के उपलक्ष्य में 'शौर्य से संकल्प तक' थीम पर आयोजित समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से क्षत्रिय संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण से हुई। बच्चों के भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं मुख्य अतिथि महिपाल सिंह मकराना ने कहा कि यूजीसी के नियमों के विरोध में देशभर में समाज को जागरूक किया जा रहा है। चार राज्यों में हजारों किलोमीटर की न्याय यात्रा निकाली जा चुकी है। अब मध्य प्रदेश होते हुए 10 जनवरी को दिल्ली पहुंचने की योजना है। उन्होंने कहा कि आगरा से भी पैदल दिल्ली कूच किया जाएगा। उनके अनुसार, समाज इस कानून के खिलाफ अपने बच्चों के भविष्य की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी जाति या संप्रदाय के खिलाफ नहीं है। यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन के चेयरमैन मेघराज सिंह रॉयल ने कहा कि राजपूत का धर्म समाज की सेवा करना है। वहीं, पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह ने समाज के लोगों से एकजुट होकर अपनी शक्ति पहचानने की अपील की। शिक्षा और सामाजिक सुधार पर दिया जोर स्वागत उद्बोधन में विजयपाल सिंह चौहान एडवोकेट ने कहा कि गौरवशाली इतिहास को याद करने के साथ वर्तमान में सुधार का संकल्प लेना कार्यक्रम का उद्देश्य है। जिला महामंत्री गजेंद्र सिंह परमार और कार्यक्रम संयोजक गौरव परमार ने कहा कि समाज में समरसता बढ़ाना, शिक्षा के माध्यम से सुधार करना और अंधविश्वास व कुरीतियों को दूर करना लक्ष्य है। कार्यक्रम में अनाया परमार ने 'श्री रामचंद्र कृपालु' भजन पर नृत्य प्रस्तुति दी। संचालन जिला महामंत्री गजेंद्र सिंह परमार ने किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, पूर्व विधायक रविन्द्र सिंह, डॉ. रामकेश परमार, कपूरचंद सिकरवार, आरपी सिंह जादौन, दिनेश सिकरवार एडवोकेट, डॉ. रामलखन सिंह राठौर, श्याम भदौरिया, शीलेन्द्र सिंह चौहान, ब्रजराज सिंह परमार, विवेक तोमर, राजवीर सिंह ककरारी, चंद्रभान तोमर, देवेंद्र धाकरे सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)