मथुरा के महावन में 30 फुट ऊंचे रावण का दहन:रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा, दशहरे के दूसरे दिन जलाया
मथुरा के महावन कस्बे में बुधवार शाम 7 बजे बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक विजयदशमी का पर्व महावन में धूमधाम से मनाया गया। रामलीला मैदान में भगवान श्रीराम और रावण की सेना के बीच युद्ध की लीला का मंचन किया गया। अंत में भगवान श्रीराम के अग्निबाण से अहंकारी रावण का अंत हुआ। इसके साथ ही रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच 30 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। विजयदशमी के अवसर पर दोपहर में महावन बस स्टैंड के समीप स्थित धर्मशाला से भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूपों की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा चौक बाजार और पनिया ढाल होते हुए शाम करीब छह बजे रामलीला मैदान पहुंची। मैदान में पहले से ही रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के स्वरूप युद्ध के लिए ललकार रहे थे। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की सेना के पहुंचते ही दोनों पक्षों के बीच युद्ध की लीला शुरू हो गई। रामलीला के अंतिम दिन युद्ध के दृश्यों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। रामदल की ओर से हनुमान, सुग्रीव, नल, नील और अंगद जय श्रीराम के जयघोष के साथ युद्ध करते नजर आए। मंचन के दौरान पहले मेघनाद और कुंभकर्ण का वध हुआ। इसके बाद भगवान श्रीराम और रावण के बीच निर्णायक युद्ध हुआ। भगवान श्रीराम का अग्निबाण रावण की नाभि में लगते ही रावण धराशायी हो गया। इसके साथ ही अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया गया। रावण दहन के दौरान आतिशबाजी से आसमान रंगीन हो गया। पुतले को जलता देख उपस्थित लोगों ने जय श्रीराम के नारे लगाए। कार्यक्रम में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, राजेंद्र उपाध्याय, अतुल सारस्वत, उपाध्यक्ष राघव पाराशर, मंत्री राम शर्मा, कोषाध्यक्ष पप्पू पांडेय, हरिशंकर पांडेय, हिमकर तिवारी, हेमू शंकर शर्मा, श्याम शर्मा, चंद्रशेखर पांडेय, सौरभ शर्मा, कपिल शर्मा, भोला पंडित, पवन पांडेय, अनिल पुजारी, राजू, गोकुलेश शर्मा, रवि पांडेय, चंदप्रकाश पांडेय, श्याम कुमार शर्मा, पंकज दीक्षित, प्रदीप कुमार उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)