मथुरा में 350 किलो मिलावटी पनीर नष्ट कराई:3 हजार लीटर दूध भी पकड़ा, जांच के लिए सैंपल भेजे
मथुरा में आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से लगातार छापेमार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को खाद्य आयुक्त द्वितीय जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने थाना शेरगढ़ क्षेत्र के ग्राम नारायणगढ़ में एक पनीर निर्माण इकाई पर छापा मारा। यहां सूचना के आधार पर तस्लीम पुत्र अयूब की पनीर निर्माण इकाई की जांच की गई। मौके पर जो स्थिति मिली, उसने खाद्य सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी। जांच के दौरान टीम को पनीर निर्माण में स्किम्ड मिल्क पाउडर, रानिपाल (व्हाइटनिंग एजेंट), पापड़ी (सोडियम हाइड्रो सल्फेट), रिफाइंड पामोलीन ऑयल, सोयाबीन दाल और विभिन्न केमिकल का इस्तेमाल होता मिला। टीम ने मौके से पनीर, दूध, 75 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर, 60 किलोग्राम सोयाबीन दाल, 225 किलोग्राम पामोलीन ऑयल, 1200 ग्राम पापड़ी और 500 ग्राम रानिपाल के नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर तैयार 350 किलोग्राम दूषित पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत 87,500 रुपये थी, को नष्ट करा दिया। इसके अलावा 3000 लीटर दूध, जिसकी कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई गई, उसे भी नष्ट कराया गया। वहीं, पनीर निर्माण में इस्तेमाल की जा रही अन्य सामग्री को सीज कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम खाद्य कारोबारकर्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई में जुटी है। त्योहारों के दौरान आमजन को मिलावटखोरों से बचाने के लिए विभाग की ओर से अभियान लगातार जारी रहेगा। टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मिलावटखोरी करने वाले खाद्य कारोबारियों में खलबली मची हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)