यूपी चुनाव से पहले प्रियंका गांधी एक्टिव:सपा से सीट शेयरिंग और संगठन पर मंथन; दिवाली बाद आएगी कांग्रेस जिलाध्यक्षों की सूची
विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आज दिल्ली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यूपी कांग्रेस के नेताओं के साथ अहम बैठक की। इसमें प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' समेत अन्य नेता शामिल हुए। बैठक में समाजवादी पार्टी के साथ संभावित गठबंधन, सीटों के बंटवारे, संगठन की मजबूती और चुनावी कैंपेन की रणनीति पर चर्चा हुई। माना जा रहा है कि सपा के साथ सीटों को लेकर बातचीत आगे बढ़ाने से पहले कांग्रेस अपनी रणनीति और प्राथमिकताओं पर मंथन कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने बैठक के बारे में बताया कि संगठन और चुनावी कैंपेन को लेकर शुरुआती चर्चा हुई है। चुनाव के लिहाज से विभिन्न कमेटियों का गठन किया जाना है। इस पर भी बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि यह अभी पहली बैठक थी और आगे की रणनीति पर चर्चा जारी रहेगी। जिलाध्यक्षों की सूची नए सिरे से तैयार इससे पहले सोमवार को प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सुबह और फिर देर रात प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' और सभी छह सह प्रभारियों के साथ बैठक की थी। इसमें जिलाध्यक्षों और प्रदेश कार्यकारिणी के नामों पर चर्चा हुई। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, जिलाध्यक्षों की सूची पिछले एक महीने से तैयार है, लेकिन इसे जारी नहीं किया जा सका। अब यह सूची दिवाली के बाद जारी होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के कार्यकाल में तैयार सूची में ओबीसी और दलित वर्ग को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिला था। इसके बाद सूची नए सिरे से तैयार कराई गई। नई सूची में ब्राह्मण, मुस्लिम, दलित और ओबीसी वर्ग को संतुलित प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई है। सपा से गठबंधन पर कांग्रेस की नजर यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस के सामने संगठन को मजबूत करने के साथ गठबंधन की रणनीति तय करने की चुनौती है। समाजवादी पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर आगे होने वाली बातचीत में कांग्रेस की संगठनात्मक स्थिति और चुनावी तैयारी भी अहम होगी। ऐसे में प्रियंका गांधी की बैठक को यूपी चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)