मथुरा रिफाइनरी में एयर रेड मॉक ड्रिल:2 मिनट तक बजा वेलिंग सायरन, लाइटें बंद कर सुरक्षा तैयारियां परखी गईं
मथुरा रिफाइनरी में रविवार शाम संभावित हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए ‘एयर रेड’ ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिला प्रशासन के निर्देश पर नागरिक सुरक्षा विभाग और मथुरा रिफाइनरी के संयुक्त समन्वय से हुए इस पूर्वाभ्यास में आपातकालीन तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच तालमेल को परखा गया। शाम करीब छह बजे शुरू हुई मॉक ड्रिल में रिफाइनरी परिसर की लाइटें बंद कर ब्लैक आउट की स्थिति बनाई गई। मॉक ड्रिल के दौरान सिविल डिफेंस कंट्रोल रूम से एयर रेड का संदेश प्राप्त हुआ। इसके बाद मथुरा रिफाइनरी के फायर कंट्रोल रूम से दो मिनट तक वेलिंग सायरन बजाया गया। सायरन बजते ही रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रशासनिक भवन और आसपास के क्षेत्र की लाइटें बंद कर दी गईं। पूरे क्षेत्र में ब्लैक आउट की स्थिति बनाकर आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया गया। तस्वीरें देखिए…. घायलों को सुरक्षित निकालने का किया अभ्यास पूर्वाभ्यास के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया। संभावित हमले के बाद घटनास्थल पर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाने, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, ट्रायेज प्रक्रिया के तहत उनकी स्थिति का आकलन करने और प्राथमिक उपचार देने का अभ्यास किया गया। इसके साथ ही विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में संबंधित विभागों की जिम्मेदारियों और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को भी परखा गया। ऑल क्लियर सायरन के बाद रोशनी हुई चालू निर्धारित ब्लैक आउट अवधि पूरी होने के बाद ऑल क्लियर सायरन बजाया गया। इसके साथ ही ग्रीन सिग्नल घोषित कर बंद की गई लाइटों को दोबारा चालू कर दिया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से यह जांचा गया कि किसी वास्तविक आपातकालीन स्थिति में सभी संबंधित एजेंसियां कितनी तेजी और समन्वय के साथ कार्रवाई कर सकती हैं। रिफाइनरी और नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी रहे मौजूद इस दौरान सीआईसी एचएस रुखैयार, सीजीएम (टी) अभिनव गोस्वामी, जीएम (ईएमएस) रजनीश तेवारी, डीजीएम (फायर एंड सेफ्टी) नंद प्रकाश मौर्य, एडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)