नेतराम, कामधेनु, हीरा हलवाई, सुलाकी समेत 18 दुकानों पर छापेमारी:प्रयागराज की खाद्य सुरक्षा की टीम ने 15 सैंपल भर जांच को भेजे
प्रयागराज में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) विभाग की टीम ने शनिवार को मिलावट के खिलाफ छापामार कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा विभाग की मुख्यालय से गठित विशेष सचल दल ने शहर व ग्रामीण इलाकों के नेतराम, कामधेनु, हीरा हलवाई और सुलाकी समेत 18 नामचीन दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान खाद्य पदार्थों के 15 सैंपल भरे गए। इसे जांच के लिए भेजा गया है। इस कार्रवाई की दुकानों में अफरातफरी का माहौल रहा। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डॉ. दीनानाथ यादव ने बताया कि इस सघन जांच अभियान के दौरान शहर के प्रसिद्ध प्रतिष्ठानों नेतराम, जगराम, कामधेनु, हीरा हलवाई, सुलाकी, कल्लू, भगवानदास, सैनिक के अलावा फाफामऊ, नैनी, हंडिया और फूलपुर स्थित कई दुकानों का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर कुल 15 नमूने संग्रहित किए गए। वहीं स्वच्छता एवं अन्य मानकों में कमियां मिलने पर 13 प्रतिष्ठानों को नियमानुसार सुधार नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा तहसील कोरांव स्थित वृंदावन स्वीट हाउस से पेड़ा, लेडियारी बाजार से बेसन का लड्डू तथा करछना के धरवारा स्थित दिशा कुटीर उद्योग दुग्ध निर्माण केंद्र से मिश्रित दूध का सैंपल लिया। डॉ. दीनानाथ यादव ने बताया कि सभी 15 नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)