पैर पकड़कर माफी मांगी फिर भी नहीं लाए बारात:लड़की बोली- बेइज्जती से कलेजा फटा, गोंडा में THAR के लिए तोड़ी थी शादी

Nov 01, 2026 - 06:00
0
पैर पकड़कर माफी मांगी फिर भी नहीं लाए बारात:लड़की बोली- बेइज्जती से कलेजा फटा, गोंडा में THAR के लिए तोड़ी थी शादी
'मेरे मम्मी-पापा ने जिस तरीके से पैर पकड़कर लड़के वालों से माफी मांगी थी, उस दिन से मेरा कलेजा फट गया। जब बारात नहीं आई, तो मेरे मन में सुसाइड का ख्याल आया था। योगीजी से यही गुजारिश है कि लड़कियों के साथ इतना गलत न हो। मैं मजबूत थी, तो मैं खड़ी हो गई। अगर कोई और लड़की होती, तो खुदकुशी कर चुकी होती।' यह कहना है गोंडा की नौशबा मिर्जा बेग का, जिनका निकाह THAR गाड़ी न दे पाने की वजह से नहीं हुआ। 26 अक्टूबर को लड़के वाले बारात लेकर नहीं पहुंचे, तो नौशबा बेहोश होकर गिर गईं। दैनिक भास्कर टीम जिला मुख्यलाय से 30 किमी दूर खरगूपुर बाजार पहुंची। नौशबा से बात करके पूरा मामला जाना। पढ़िए रिपोर्ट… पहले मामला जानिए… मिर्जा अजमल बेग मूलरूप से खरगूपुर के रहने वाले हैं। वह पेशे से ड्राइवर हैं। परिवार दिल्ली में रहता है। घर में पत्नी नाजो खातून, बेटी नौशबा मिर्जा बेग और एक बेटा है। अजमल ने नौशबा का निकाह एक साल पहले गोरखपुर में रहने वाले मोहम्मद असलम के बेटे मोहम्मद सलमान से तय किया था। सलमान 3 भाई और एक बहन में सबसे बड़ा है। अभी विदेश में रहकर पढ़ाई कर रहा है। सोमवार (26 अक्टूबर) को निकाह की तारीख तय हुई थी। शादी के लिए दुल्हन हाथों में मेहंदी रचाकर तैयार बैठी थी। रिश्तेदार भी बारात आने का इंतजार कर रहे थे। जब बारात नहीं पहुंची, तो दुल्हन वालों ने दूल्हे के घरवालों को फोन किया। काफी देर तक दूल्हे वाले बारात निकलने की बात कहकर टालते रहे। दुल्हन की मां नाजो खातून ने बताया- रात 12 बजे के बाद दूल्हे वालों ने साफ कह दिया कि अगर दहेज में THAR नहीं दी, तो शादी नहीं होगी। बारात नहीं आने और रिश्ता टूटने की बात सुनते ही बेटी गश खाकर बेहोश हो गई। अब पढ़िए नौशबा ने क्या बताया… हम लोग अभी दिल्ली में रहते हैं। मैं गोंडा अपने चाचा की शादी में आई थी। यहीं पहली बार सलमान के परिवार से मुलाकात हुई और नॉर्मली बातचीत शुरू हो गई। तीन-चार महीने बात होने के बाद सलमान की बहन ने कहा कि मुझे दिल्ली घूमना है। वो 4 दिन हमारे घर रहे। उनका घूमना, खाना-पीना सब हमने करवाया। जनवरी में तय हो गया था रिश्ता वो लोग जब जाने लगे तो मेरे हाथ में मिठाई, पैसे और कपड़े रखकर रिश्ते की बात चलाई। कहा कि हमें आपकी लड़की पसंद है। हम अपने बेटे सलमान की शादी करना चाहते हैं। इसके बाद जनवरी- 2026 में मेरे मम्मी-पापा उनके घर जाकर रस्म कर आए और बातचीत आगे बढ़ती रही। उनके घर के लोग हमारे यहां आते-जाते रहे। कभी उनकी बहन तो कभी भाई आकर 15 दिन तक रुक जाते थे। मैंने हमेशा यह सोचकर उनकी खातिरदारी की कि यह मेरा होने वाला परिवार है। लेकिन, उन्होंने मेरे घर में ही मुझसे ऊंची आवाज में बात करना शुरू कर दिया। देवर बोला था- अपने दायरे में रहा करो एक दिन जब बारिश हो रही थी, तो मेरे होने वाले देवर सैफ असलम ने मेरी मम्मी से बहुत ही खराब लहजे में कहा कि आप लोगों की कोई इज्जत नहीं है क्या यहां? इसके अलावा रात को 12 बजे वो बाहर घूमने जा रहा था। मेरे पापा ने कहा कि यहां माहौल सही नहीं है, तो उसने इस बात को ईगो पर ले लिया। मुझसे कहने लगा कि तुम अभी मेरी भाभी नहीं बनी हो, अपने दायरे में रहा करो। पहले कहा कि कुछ नहीं चाहिए, फिर बढ़ाई डिमांड शुरुआत में उन्होंने कहा था कि हमें कुछ नहीं चाहिए, बस सिंपल निकाह कर दो। लेकिन, बाद में वे अपनी बातों से बदलने लगे। मेरी मम्मी ने पहले बुलेट देने की बात कही थी। लेकिन, उन लोगों ने खुद से बुलेट ले ली तो मम्मी ने फोन करके पूछा कि कोई और गाड़ी चाहिए तो बता दीजिए। उन्होंने 6 महीने तक कोई जवाब नहीं दिया। ससुर बोले- हमारे बच्चों की पसंद बहुत हाई-फाई कुछ दिन बाद उन्होंने 7-सीटर गाड़ी के लिए आधे पैसे मांगने शुरू किए। मेरे होने वाले ससुर बोले कि “हमारे बच्चों की पसंद पर मत जाइए, उनकी पसंद बहुत हाई-फाई है, उनको तो थार चाहिए।” इसके अलावा उन्होंने शादी में 5 लाख रुपए कैश मांगे। जब पापा ने मजबूरी जताई तो 3 लाख रुपए तय हुए। लेकिन, शर्त यह रखी गई कि यह पैसा समाज के सामने नहीं, बल्कि साइड से दिया जाए। सामान ले जाने का भी किराया मांगने लगे दहेज का 17-18 लाख का सामान (एसी, फ्रिज, कूलर, गीजर) और 27,000 का कोट-पैंट उनके यहां पहले ही पहुंचा दिया गया था, जो आज भी उनके पास रखा हुआ है। इसके बावजूद वे सामान ले जाने का किराया भी हमसे मांगने लगे और लगातार मेरे मां-बाप को मेंटली टॉर्चर करते रहे। आधी-अधूरी ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल की गई उन लोगों ने काट-छांट कर बातचीत की आधी-अधूरी ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल की है। लड़के वालों ने मेरे माता-पिता को इतना ज्यादा मेंटली टॉर्चर कर दिया था कि मेरी मम्मी 3-4 घंटे तक बेहोश पड़ी रहीं। पापा का शुगर लेवल 250 से 300 पहुंच गया था। वे चक्कर खाकर गिर गए थे। मां-पिता की हालत देखकर होपलेस हो गई थी अपने मां-बाप की यह हालत देखकर मैं पूरी तरह होपलेस हो गई थी। अगर किसी भी लड़की के मां-बाप को इस तरह बेइज्जत किया जाएगा, तो लड़की कब तक चुप रहेगी? उसी गुस्से और घबराहट में मैंने बस यही कहा था कि अगर आप लोग मेरे पापा को ऐसे ही बेइज्जत करते रहेंगे तो मैं शादी से इनकार कर दूंगी। अगर ईगो होता, तो पैर पकड़कर माफी न मांगती अगर मेरे अंदर ईगो होता, तो मैं उनके पैर पकड़कर माफी नहीं मांगती। लड़के वालों ने शर्त रखी कि पूरा परिवार उनसे, उनके बेटे से और उनकी पत्नी से माफी मांगेगा तभी बारात आएगी। मैंने, मेरे पापा ने और मेरी मम्मी ने उनके पैर में गिरकर माफी मांगी। मैंने यहां तक कहा कि पापा, आप अपनी बेटी मानते हैं। शाम को बारात लेकर आइए, मेरे से गलती हो गई है। सब कुछ भूलकर माफी मांगने के बाद भी वे बारात लेकर नहीं आए। सलमान का कहीं दूसरी जगह अफेयर सलमान लगातार रिश्ता तोड़ने के बहाने ढूंढता था और सैड स्टोरी लगाता था। मैं अगर पूछती थी तो कहता था कि तुम इन सब चक्कर में मत पड़ो, तुम्हारा दिमाग खराब होगा। उसके छोटे भाई ने मेरे भाई को बताया भी था कि भैया की पहले से गर्लफ्रेंड है। वह उसके लिए केक वगैरह पहुंचाता है। अगर अफेयर नहीं होता, तो पैर पकड़कर माफी मांगने के बाद भी कोई 1 साल का रिश्ता ऐसे नहीं तोड़ता। बोली- घरवालों के सपोर्ट से दोबारा खड़ी हुई मैं योगी सरकार से यही गुजारिश और विनती करती हूं कि मुझे इस मामले में इंसाफ मिले। मेरे मां-बाप और भाई के सपोर्ट की वजह से आज मैं हिम्मत करके खड़ी हूं। वरना मेरी जगह कोई और लड़की होती तो अब तक खुदकुशी कर चुकी होती। सीओ सदर अभिषेक दवाच्या ने बताया- 26 अक्टूबर रात की घटना है। खरगूपुर और महिला थाने की पुलिस ने जांच की है। महिला थाने में लड़की के पिता के शिकायत पर केस दर्ज है। जांच में जो भी निकल कर आएगा, उसके आधार पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ----------------- यह खबर भी पढ़ें… अमेरिकी इनफ्लुएंसर बोले- इंडियन दोस्त शिवानी कुमारी ने मेरा मजाक उड़ाया औरैया की इन्फ्लुएंसर शिवानी कुमारी पर उनके अमेरिकी दोस्त मार्विन आची ने अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा- मैं तो शिवानी को दोस्त समझकर आया था, लेकिन लाइक्स-व्यूज के लिए उन्होंने मेरा मजाक बनाया। पढ़ें पूरी खबर…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User