शराब के नशे में युवक टावर पर चढ़ा:पुलिस से बोला- नीचे आया तो मारोगे, 45 मिनट बाद उतरा

Nov 01, 2026 - 06:49
0
शराब के नशे में युवक टावर पर चढ़ा:पुलिस से बोला- नीचे आया तो मारोगे, 45 मिनट बाद उतरा
हरदोई के बघौली थाना क्षेत्र के बन्नापुर गांव में शनिवार शाम करीब 6 बजे शराब के नशे में एक युवक 50 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह ऊपर से जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष और उसकी मां के समझाने पर करीब 45 मिनट बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। पांच साल से शराब पीने का आरोप युवक की पहचान बन्नापुर निवासी राजकुमार (30) के रूप में हुई है। वह खेती और मजदूरी करता है। उसके परिवार में पत्नी, चार बच्चे और माता-पिता हैं। राजकुमार अपनी मां विद्यावती का इकलौता बेटा है। उसकी पांच बहनें हैं। विद्यावती ने बताया कि राजकुमार करीब पांच साल से शराब पी रहा है। नशे में वह पत्नी और माता-पिता के साथ मारपीट करता है। बेटे की हरकतों और मारपीट से परेशान होकर वह अब तक थाने में सात बार शिकायत दे चुकी हैं। थानाध्यक्ष प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि महिला की शिकायतों पर राजकुमार का कई बार चालान किया गया है। परिवार के बीच समझौता भी कराया गया था। पुलिस से बोला- नीचे आया तो मारोगे शनिवार शाम राजकुमार के टावर पर चढ़ने के बाद उसके माता-पिता भी मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष प्रशांत द्विवेदी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और माइक से युवक को नीचे आने के लिए कहा। इस पर राजकुमार ने जवाब दिया कि वह नीचे नहीं आएगा, क्योंकि पुलिस उसे मारेगी। थानाध्यक्ष और उसकी मां ने उसे समझाया। करीब 45 मिनट बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया। दोस्त पर मारने का लगाया आरोप पुलिस ने राजकुमार से टावर पर चढ़ने की वजह पूछी। उसने बताया कि उसके दोस्त रामकरन ने उसे मारा था, इसलिए वह टावर पर चढ़ गया। हालांकि, उसकी मां और ग्रामीणों ने कहा कि रामकरन ने उसे नहीं मारा था और वह नशे में झूठ बोल रहा था। उनके मुताबिक, राजकुमार अक्सर ऐसी हरकत करता है। पुलिस ने युवक को भविष्य में ऐसी हरकत न करने की हिदायत दी और परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User