3 करोड़ से बन रहा 102 फीट चौड़ा वेलकम गेट:अलीगढ़ में 5 नवंबर को उद्घाटन, 200 किलो का ताला भी लगेगा

Nov 01, 2026 - 06:49
0
3 करोड़ से बन रहा 102 फीट चौड़ा वेलकम गेट:अलीगढ़ में 5 नवंबर को उद्घाटन, 200 किलो का ताला भी लगेगा
दुनिया में तालों के लिए मशहूर अलीगढ़ की पहचान अब शहर के प्रवेश द्वार पर भी नजर आएगी। जीटी रोड पर महरावल कट के पास 3 करोड़ रुपए की लागत से भव्य वेलकम गेट बनाया जा रहा है। इसकी सबसे बड़ी खासियत साढ़े आठ फीट लंबे और 200 किलो वजनी दो विशाल ताले होंगे। 60 टन लोहे से तैयार हो रहे इस गेट पर अलीगढ़ का ताला उद्योग, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत एक साथ दिखाई देगी। इसका उद्घाटन 5 नवंबर को प्रस्तावित है। रविवार को निर्माण स्थल पर फिनिशिंग का काम चल रहा था। नगर निगम स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इस गेट को अलीगढ़ की पहचान के प्रतीक के रूप में तैयार करा रहा है। इसकी ऊंचाई 26 फीट और चौड़ाई 102 फीट है। निर्माण में रायपुर से मंगाया गया लोहा और हापुड़ की एचपीएल शीट इस्तेमाल की गई है। गेट के ऊपरी हिस्से पर 'वेलकम टू अलीगढ़' लिखा गया है। मुरादाबाद में बने 200-200 किलो के दो ताले गेट के बीचोंबीच दो विशाल ताले लगाए जाएंगे। हर ताले की लंबाई साढ़े आठ फीट और चौड़ाई डेढ़ फीट है। इन्हें मुरादाबाद में तैयार कराया गया है। साथ में बड़ी-बड़ी चाबियां भी लगाई जाएंगी। मशीनों से तैयार इन तालों पर कारीगरों ने हाथ से नक्काशी की है। भारतीय पुरातन संस्कृति के प्रतीक चिह्न भी उकेरे गए हैं। इन्हें सुनहरे रंग में सजाया जाएगा। गेट पर एक व्यक्ति का स्टैच्यू भी लगाया गया है, जो कुर्सी पर बैठकर हाथ में ताला और चाबी पकड़े हुए है। पास में रखे ग्लोब पर ताले की आकृति बनाई गई है। इसके जरिए दिखाया गया है कि अलीगढ़ का ताला कारोबार अब दुनिया भर में पहचान बना चुका है। खंभों पर गीता और देवी भागवत के श्लोक गेट को धार्मिक पहचान भी दी गई है। इसके खंभों पर गीता का 'यदा-यदा हि धर्मस्य...' और देवी भागवत का 'या देवी सर्वभूतेषु...' श्लोक अंकित किया गया है। इनके जरिए सनातन संस्कृति और कर्मयोग का संदेश दिया गया है। पार्क की दीवारों पर दिखेंगी शहर की धरोहरें गेट के एक ओर पार्क बनाया जा रहा है। इसकी दीवारों पर म्यूरल आर्ट के जरिए अलीगढ़ की चार प्रमुख धरोहरों को उकेरा गया है। इनमें श्रीखेरेश्वर मंदिर, अलीगढ़ किला, अचल सरोवर और स्वामी हरिदास मंदिर शामिल हैं। दिल्ली के कलाकारों ने इन आकृतियों को तैयार किया है। पार्क में पौधे और लाइटें लगाने का काम भी किया जा रहा है। 1.68 लाख LED लाइटों से जगमगाएगा गेट रात में गेट को रोशन करने के लिए 1.68 लाख LED लाइटें और 60 बोलार्ड लाइटें लगाने की योजना है। अलग-अलग तरह की रोशनी से पूरा प्रवेश द्वार जगमगाएगा। निर्माण करा रही कंपनी के संचालक शिवांग माहेश्वरी के मुताबिक, गेट का काम लगभग पूरा हो चुका है। रविवार को फिनिशिंग का काम कराया जा रहा था। आगरा और कानपुर की ओर भी बनेंगे गेट महरावल कट पर बन रहा यह अलीगढ़ का पहला भव्य प्रवेश द्वार है। योजना के तहत आगरा की ओर शासनीय गेट और एटा रोड पर कानपुर की दिशा से आने वाले मार्ग पर भी ऐसे प्रवेश द्वार बनाए जाने प्रस्तावित हैं। फिलहाल महरावल कट वाले गेट को 5 नवंबर को शहरवासियों को समर्पित करने की तैयारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User