पड़ोसी को फंसाने के लिए खुद को मारी गोली:शाहजहांपुर में पुरानी रंजिश चल रही थी, पांच घंटे की जांच में खुला राज
शाहजहांपुर के मदनापुर थाना क्षेत्र में पड़ोसियों पर गोली मारने का आरोप लगाने वाले युवक की कहानी पुलिस जांच में झूठी निकली। पुलिस के मुताबिक, युवक ने पड़ोसियों को मुकदमे में फंसाने के लिए तमंचे से अपने पैर में गोली मारी। इसके बाद रास्ते पर लेटकर डायल 112 को सूचना दी कि पड़ोसियों ने उसे गोली मार दी है। करीब पांच घंटे की जांच में पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया। मुकदमेबाजी की रंजिश में रची झूठी कहानी पुलिस के अनुसार, युवक और उसके पड़ोसियों के बीच पहले से मुकदमेबाजी चल रही थी। इसी रंजिश में उसने खुद को गोली मारकर पड़ोसियों पर आरोप लगा दिया। घटना संदिग्ध लगने पर प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने पुलिस टीम के साथ जांच शुरू की। सीओ सदर शुभम वर्मा भी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। ससुराल पहुंची पुलिस, परिजनों से की पूछताछ जांच में पता चला कि रविंद्र घटना से पहले अपनी ससुराल पहुंचा था। इसके बाद पुलिस टीम गांव ढुकुरी खुर्द पहुंची और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की। उनके बयानों से घटना की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, दोपहर में गोली चलने की आवाज युवक की ससुराल से आई थी। उसके करीब पांच वर्षीय बेटे ने पुलिस को बताया कि पिता ने खुद तमंचे से अपने पैर में गोली मारी थी। युवक के ससुराल पक्ष के लोगों ने भी बताया कि उनके सामने टिल्लू ने खुद को गोली मारी थी। उसकी सास ने भी पूछताछ में इसकी पुष्टि की। पड़ोसियों के खिलाफ अदालत में दायर था परिवाद पुलिस जांच में सामने आया कि पड़ोसियों ने रविंद्र और उसके परिवार के खिलाफ अदालत में परिवाद दायर किया था। इसी मुकदमेबाजी को लेकर दोनों पक्षों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, रविंद्र ने पड़ोसियों को फंसाने और सबक सिखाने के इरादे से झूठी कहानी रची। पुलिस के मुताबिक, रविंद्र अपने एक साथी के साथ तमंचा लेकर मोटरसाइकिल से ससुराल पहुंचा था। वहां नशे की हालत में उसने परिजनों की बात नहीं मानी और अपनी सास की सास के घर के पास खुद के पैर में गोली मार ली। इसके बाद वह अपने साथी के साथ बरुआ पट्टी सनायक की ओर चला गया। रास्ते में लेटकर उसने डायल 112 को सूचना दी कि मोटरसाइकिल सवार दो पड़ोसियों ने उसे गोली मार दी है। युवक की निशानदेही पर तमंचा बरामद पुलिस ने युवक की निशानदेही पर तमंचा बरामद किया। देर शाम तक फॉरेंसिक टीम घटनास्थल और संबंधित स्थानों पर जांच करती रही। टीम ने ब्लड सैंपल समेत जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में युवक द्वारा खुद को गोली मारकर पड़ोसियों पर झूठा आरोप लगाने की बात सामने आई है। बरामद तमंचे और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पड़ोसी पर गोली मारने का लगाया था आरोप हालपुर पट्टी निवासी रविंद्र सिंह उर्फ टिल्लू रविवार दोपहर अपनी ससुराल गांव ढुकुरी खुर्द जा रहा था। बरुआ पट्टी सनायक से ढुकुरी खुर्द जाने वाले कच्चे रास्ते पर खादिया हार में उसने पड़ोसियों पर गोली मारने का आरोप लगाया था। रविंद्र का कहना था कि मोटरसाइकिल से आए दो लोगों ने उसे घेरकर फायरिंग की, जिसमें उसके सीधे पैर में गोली लग गई। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), मदनापुर ले गई। बाद में पुलिस जांच में युवक के आरोप झूठे पाए गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)