सहारनपुर में बुलेट नहीं देने पर विवाहिता निकला:पीड़िता बोली–शादी के लिए रिश्तेदारों से उधार और कर्ज लेकर जुटाए थे सात लाख, जंगल में ले जाकर हत्या करने की धमकी

Nov 02, 2026 - 08:08
0
सहारनपुर में बुलेट नहीं देने पर विवाहिता निकला:पीड़िता बोली–शादी के लिए रिश्तेदारों से उधार और कर्ज लेकर जुटाए थे सात लाख, जंगल में ले जाकर हत्या करने की धमकी
सहारनपुर में दहेज में 2.50 लाख रुपए और बुलेट बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता के उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुरालीजन ने विवाहिता को प्रताड़ित करने के साथ कई बार मारपीट कर घर से निकाल दिया। शादी में मायके वालों ने अपनी हैसियत से बढ़कर सात लाख रुपए खर्च किए थे। इसके लिए कुछ रकम रिश्तेदारों से उधार ली थी, जबकि कुछ पैसा कर्ज पर जुटाया था। इसके बावजूद ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग करते रहे। विवाहिता का आरोप है कि गर्भवती होने के दौरान उसे सही इलाज नहीं मिला, जिससे उसका बच्चा मृत पैदा हुआ। बाद में बीमार हालत में भी उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। 19 जुलाई को आरोपी उसके मायके पहुंचे और वहां विवाहिता तथा उसकी मां के साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली देहात क्षेत्र के तेलीपुरा निवासी रीतू ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 31 मार्च 2025 को नागल थाना क्षेत्र के गांव डंघेड़ा निवासी शिशांत के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में उसके माता-पिता ने अपनी आर्थिक हैसियत से बढ़कर करीब सात लाख रुपये खर्च किए थे। परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि इतनी बड़ी रकम आसानी से जुटाई जा सके। इसके लिए माता-पिता ने कुछ रुपये रिश्तेदारों से उधार लिए और कुछ रकम कर्ज पर ली थी। शादी में ससुराल पक्ष को घरेलू इस्तेमाल का पूरा सामान दिया गया था। इसमें बर्तन, कपड़े, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, एक बाइक, सोने-चांदी के आभूषण और 51 हजार रुपये नकद शामिल थे। पीड़िता के मुताबिक, शादी में दिया गया सामान अभी भी ससुरालियों के पास है और वे उसका इस्तेमाल कर रहे हैं। बड़ा ठेकेदार बताकर घटिया दहेज का ताना देते थे रीतू का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और अन्य ससुरालीजन ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। वे 2.50 लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करते थे। ससुरालीजन ताना देते थे कि शिशांत बड़ी-बड़ी कोठियां बनाने के ठेके लेता है और बहुत बड़ा ठेकेदार है, लेकिन मायके वालों ने घटिया किस्म का दहेज देकर समाज में उनकी नाक कटवा दी। विवाहिता ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा। पंचायत और रिश्तेदारों के समझाने पर भी नहीं सुधरे पीड़िता का कहना है कि अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुरालीजन कई बार उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल चुके थे। हर बार रिश्तेदारों और समाज के मौजिज लोगों के समझाने पर आरोपी उसे वापस ससुराल ले जाते थे, लेकिन कुछ समय बाद फिर से उत्पीड़न शुरू कर देते थे। इसी बीच वह पति से गर्भवती हो गई। आरोप है कि ससुराल में उसे सही इलाज नहीं मिला, जिसके कारण बच्चा मृत पैदा हुआ। इस घटना के बाद उसकी तबीयत काफी खराब हो गई। बीमार हालत में अप्रैल में घर से निकाला रीतू ने आरोप लगाया कि अप्रैल 2026 में जब वह बीमार थी, तब भी ससुरालीजन ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया। जाते समय कह दिया कि जब तक दहेज की मांग पूरी नहीं होगी, तब तक वह ससुराल वापस न आए। इसके बाद से वह अपने मायके में रह रही थी। मायके में घुसकर मां-बेटी को पीटा, जंगल में हत्या की धमकी पीड़िता के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को दोपहर करीब एक बजे पति शिशांत समेत पांचों आरोपी उसके मायके पहुंचे। वहां आते ही गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। रीतू ने आरोपियों को बैठकर बातचीत करने के लिए कहा, लेकिन वे नहीं माने। आरोप है कि उन्होंने कहा कि वह मायके में पड़ी है और उनकी मांग पूरी नहीं कर रही है। आज उसे जान से खत्म करके शिशांत की दूसरी शादी करा देंगे। शोर सुनकर रीतू की मां उसे बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और मां-बेटी को आरोपियों से बचाया। पीड़िता का आरोप है कि जाते समय आरोपी धमकी देकर गए कि इस बार लोगों ने बचा लिया, लेकिन अगली बार मौका मिलने पर उसे यहां से उठाकर जंगल में ले जाएंगे और जान से मार देंगे। उसकी लाश का भी पता नहीं चलेगा। रीतू ने बताया कि घटना के बाद उसने कोतवाली देहात थाने में शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 22 जुलाई 2026 को एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने और अपनी जान की सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने पति शिशांत, रजत, सावन, सास जगबीरी और ससुर शुकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User