पेड़ से लटका मिला युवक का शव:महिलाओं ने देखा, प्लास्टिक की रस्सी से लगाया था फंदा
देवरिया। बरियारपुर थाना क्षेत्र के धुसवा गांव में बुधवार दोपहर खेत में शीशम के पेड़ से लटका 28 साल के युवक का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के मॉर्च्युरी भेज दिया। पुलिस ने युवक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। खेत में पेड़ से लटका मिला शव धुसवा निवासी मुस्ताक अंसारी पुत्र मुमताज अंसारी बुधवार दोपहर अपनी दोपहिया गाड़ी से गांव के पूरब स्थित खेत में पहुंचा था। वहां उसने शीशम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी से फंदा बनाया और उस पर लटक गया। पास के खेत में धान की बालियां समेट रहीं महिलाओं ने उसे पेड़ से लटका देखा और शोर मचाया। आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों ने मुस्ताक को पेड़ से नीचे उतारा। सूचना मिलने पर बरियारपुर पुलिस भी पहुंच गई। थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने परिजनों से घटना की जानकारी ली।
पत्नी, बेटा और मां को छोड़ गया परिजनों के मुताबिक, मुस्ताक काफी दिनों से गांव में रह रहा था। वह दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई मंजूर अंसारी और पिता मुमताज अंसारी बाहर रहते हैं। मुस्ताक के परिवार में पत्नी जैनब, पांच साल का बेटा और मां सैफून हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि युवक की मौत फंदे पर लटकने से हुई है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)