फर्रुखाबाद में 30 सितंबर को पहुंचेगी ज्योति कलश यात्रा:भाजपा नेता बोले- पांचाल घाट पर रात्रि चौपाल होगी, मन की बात कार्यक्रम हर बूथ पर सुना जाएगा
फर्रुखाबाद में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर गुरुवार को एक बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने की। इसमें जिला संगठन प्रभारी और कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत ने सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा की। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जरूरी निर्देश दिए। जिला संगठन प्रभारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवन यात्रा पर आधारित नाट्य और संवाद कार्यक्रम जिले की चारों विधानसभाओं में अलग-अलग जगहों पर होंगे। उन्होंने कहा कि 27 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को हर बूथ पर बूथ अध्यक्ष और बूथ समिति के सदस्य मिलकर सुनेंगे। इसकी तैयारी के लिए 25 सितंबर को सभी मंडल अध्यक्ष अपने-अपने मंडलों में बैठक करेंगे। इसमें बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक और मंडल प्रभारी मौजूद रहेंगे। गुजरात के बड़नगर से शुरू हुई ज्योति कलश यात्रा 30 सितंबर को फर्रुखाबाद जिले में पहुंचेगी। अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के गनीपुर जोगपुर गांव, ब्लॉक नवाबगंज में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता यात्रा का स्वागत करेंगे। इसके बाद यात्रा रात में पांचाल घाट स्थित भगुआ नगला गांव पहुंचेगी। यहां रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाएगा। संगठन प्रभारी ने यह भी बताया कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर हर बूथ पर गोष्ठियां होंगी। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच लगातार संपर्क और बातचीत बनी रहनी चाहिए। हर कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए संगठन के कामों में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। 2027 चुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण जिला संगठन प्रभारी ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ताओं को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करना चाहिए। उन्होंने जिला कार्यालय को व्यवस्थित रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्म जयंती के अवसर पर प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 27 सितंबर को जनपद के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिसमें पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, संदेश राजपूत, हिना दवे, वीरेंद्र कठेरिया, रश्मि दुबे, अश्नील दिवाकर, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, जिला मंत्री प्रतिभा राजपूत, मनोज गंगवार, शिवमोहन सिंह, अनुराग सिंह, अभिषेक बाजपेई, आईटी संयोजक रजनीश मिश्रा, सोशल मीडिया संयोजक सुशील राजपूत, पंकज पाल, कार्यालय प्रभारी संजय ठाकुर, विकास पांडे, पिछड़ा मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)