पल्हैड़ा फ्लाईओवर की दरारों की मरम्मत शुरू:एक लेन बंद बाकी से आवागमन जारी, नीचे भी लगाया सुरक्षा घेरा
मेरठ में दिल्ली-दून हाईवे स्थित पल्हैड़ा फ्लाईओवर में आई दरारों को लेकर एनएचएआई ने मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। जिस हिस्से में दरारें दिखाई दी थीं, वहां मरम्मत के चलते संबंधित लेन को बंद कर दिया गया है। हालांकि, फ्लाईओवर की बाकी लेन से वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से जारी है। एहतियात के तौर पर मरम्मत वाले हिस्से के नीचे भी पूरा रास्ता ब्लॉक कर दिया गया है, ताकि ऊपर से निर्माण सामग्री का कोई टुकड़ा गिरने पर नीचे से गुजरने वाले वाहनों और राहगीरों को नुकसान न पहुंचे। पिछले दिनों फ्लाईओवर में दरारें बढ़ने और नीचे से रोड़ी व डस्ट के छोटे-छोटे टुकड़े टूटकर गिरने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इसके बाद पुल की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे थे। स्थानीय लोगों ने फ्लाईओवर की तकनीकी जांच और तत्काल मरम्मत कराने की मांग की थी। मामले की जानकारी मिलने पर सिवाया टोल की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया था। टीम ने दरार वाले हिस्से के नीचे सुरक्षा बैरियर लगवाए थे। साथ ही नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी थी। अब एनएचएआई ने मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। काम के दौरान संबंधित लेन पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। फ्लाईओवर की दूसरी लेन से यातायात जारी रहने के कारण वाहन चालकों को फिलहाल पूरी तरह रास्ता बंद होने की समस्या नहीं है। मरम्मत वाले हिस्से के नीचे भी सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिससे निर्माण कार्य के दौरान किसी तरह की अनहोनी न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)