सोनभद्र में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव:जेब में कई आधार-मनरेगा जॉब कार्ड मिले; ट्रेन की चपेट में आने की आशंका
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन से पूर्व सोमवार की सुबह 9.30 बजे रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव रेलवे के खंभा संख्या 168/17 के पास पड़ा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, व्यक्ति की मौत गोमो-बरवाडीह पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका है। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान के लिए जीआरपी ने उसके कपड़ों और जेब की तलाशी ली। इस दौरान एक पर्स मिला, जिसमें कई आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड और एक बंद मोबाइल फोन बरामद हुआ। एक ही व्यक्ति के पास कई आधार कार्ड और जॉब कार्ड मिलने से पुलिस भी हैरान है। बरामद दस्तावेजों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि मृतक बिहार का रहने वाला हो सकता है और मजदूरी करता था। हालांकि, दस्तावेजों के आधार पर अभी उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जीआरपी बरामद आधार कार्ड और मनरेगा जॉब कार्ड में दर्ज विवरण के आधार पर मृतक के परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। वहीं, बंद मोबाइल फोन से भी जरूरी जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है, ताकि उसकी शिनाख्त हो सके। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि व्यक्ति रेलवे ट्रैक पर किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत किन हालात में हुई। ट्रेन की चपेट में आने से हादसा हुआ या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है, यह जांच का विषय है। जीआरपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)