विनोद साहनी की पत्नी को मिला विधानसभा का टिकट:करनैलगंज से आजाद समाज पार्टी ने प्रत्याशी बनाया, एक महीने पहले हुई थी पति की हत्या
यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने रविवार देर रात करीब 11 बजे 6 नए प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की। सोमवार सुबह सामने आई इस सूची के मुताबिक, गोंडा की करनैलगंज विधानसभा सीट से विनोद साहनी की पत्नी ऊषा देवी निषाद को प्रत्याशी बनाया गया है। बीते दिनों ऊषा देवी ने अपने बेटे राजा साहनी के साथ लखनऊ पहुंचकर पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद से मुलाकात की थी। टिकट मिलने पर बोलीं ऊषा- पति की जिम्मेदारियां निभाऊंगी बताया जाता है कि विनोद साहनी खुद भी आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उनकी हत्या कर दी गई। प्रत्याशी बनाए जाने के बाद ऊषा देवी निषाद ने कहा, "मेरे पति हमेशा गरीबों और अपने समाज की आवाज उठाने का काम करते थे, लेकिन उनकी हत्या कर दी गई। अब मेरे कंधों पर उनकी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का दायित्व है। मैं चुनाव लड़कर अपने समाज की आवाज बुलंद करूंगी। मुझे प्रत्याशी बनाने के लिए मैं सांसद चंद्रशेखर आजाद का बहुत-बहुत धन्यवाद देती हूं।" सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुए विवाद में हुई थी विनोद की हत्या बीते 9 सितंबर को बर्तन व्यवसायी विनोद साहनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से पीटकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। 10 सितंबर को लखनऊ में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। यह हत्याकांड गोंडा ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया था। विनोद साहनी की मौत के बाद कार्रवाई की मांग को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद अपने कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए थे। इसके बाद प्रशासन ने परसपुर थानाध्यक्ष और शाहपुर चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया था। इसके बाद डॉ. निषाद ने धरना समाप्त किया। मंत्री संजय निषाद ने कलेक्ट्रेट तक निकाला था पैदल मार्च 11 सितंबर को जब विनोद का शव अंतिम संस्कार के लिए घर पहुंचा, तो मंत्री संजय निषाद ने गोंडा सर्किट हाउस से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में भी धरना दिया। इस मामले में परसपुर पुलिस मुख्य आरोपी समेत अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने के लिए कई राजनीतिक हस्तियां गोंडा पहुंची थीं। बीते दिनों आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद भी परिवार से मिलने आ रहे थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें गोंडा-बाराबंकी बॉर्डर पर ही रोक दिया था। इससे पहले कांग्रेस नेता अजय राय को भी परिवार से मिलने की अनुमति नहीं दी गई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)