प्रयागराज में पुलिस चौकी के पास लूट:3 लुटेरों ने पीछे से जकड़कर पिस्टल सटाई, 18 हजार कैश-मोबाइल छीना
प्रयागराज में दीपावली के मद्देनजर अलर्ट के बावजूद बदमाशों ने सनसनीखेज वारदात अंजाम दी। लीडर रोड पुलिस चौकी के सामने ही एक युवक को पिस्टल सटाकर लूट लिया। तीन बदमाशों ने युवक को घेरकर उससे 18 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात शनिवार रात करीब 9:30 बजे की है। घटना के बाद पीड़ित शिकायत दर्ज कराने के लिए दो थानों के चक्कर काटता रहा। बाद में उसने पुलिस चौकी के पास पहुंचकर डायल 112 पर सूचना दी। करेली का रहने वाला है मोनू
करेली के निहालपुर निवासी मो. महताब उर्फ मोनू (25) बावर्ची का काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि एक दिन पहले उसने कहीं खाना बनाने का काम किया था। शनिवार को उसे उसी काम का भुगतान मिला था। 18 हजार रुपये लेकर वह घर लौट रहा था। रात करीब 9:30 बजे वह ऑटो से प्रयागराज जंक्शन के पास उतरा और वहां से पैदल ही आगे बढ़ने लगा। दो ने पीछे से जकड़ा, तीसरे ने नकदी छीनी
आरोप है कि इसी दौरान लीडर रोड पुलिस चौकी के सामने तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया। दो बदमाशों ने पीछे से उसे जकड़ लिया, जबकि तीसरे ने उस पर पिस्टल तान दी। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी जेब में रखे 18 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। इसके बाद तीनों मौके से भाग निकले। एक थाने से दूसरे थाने भेजते रहे पुलिसकर्मी
लूट के बाद मोनू शिकायत लेकर शाहगंज थाने पहुंचा। वहां से उसे खुल्दाबाद थाने भेज दिया गया। खुल्दाबाद पहुंचने पर उसे फिर शाहगंज जाने को कहा गया। इस तरह वह दोनों थानों के बीच चक्कर काटता रहा। बाद में वह लीडर रोड चौकी के पास पहुंचा और डायल 112 पर कॉल कर घटना की सूचना दी। इसके बाद डायल 112 की टीम और खुल्दाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बदमाशों में से एक खुल्दाबाद इलाके का रहने वाला है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
खुल्दाबाद थाना प्रभारी केशव वर्मा ने बताया कि पीड़ित के मुताबिक बदमाश पैदल आए थे और वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे हैं। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस की चौकसी पर भी उठे सवाल
दीपावली को देखते हुए शहर में पुलिस की चौकसी बढ़ाई गई है। बाजारों में भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और सुरक्षा के मद्देनजर लगातार गश्त की जा रही है। ऐसे समय में पुलिस चौकी के ठीक सामने पिस्टल के बल पर लूट की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। सवाल यह भी है कि जब पुलिस त्योहार के मद्देनजर अलर्ट है, तब बदमाशों ने चौकी के सामने ही वारदात को अंजाम देने की हिम्मत कैसे जुटा ली।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)