पुलिस लिखी ब्रेजा का मीनाक्षी पुल पर तांडव:अलीगढ़ में स्कूटी सवार मां-बेटी को रॉग साइड जाकर टक्कर मार, मां पुल से नीचे गिरी, बेटी रेलिंग से टकराई

Nov 08, 2026 - 03:37
0
पुलिस लिखी ब्रेजा का मीनाक्षी पुल पर तांडव:अलीगढ़ में स्कूटी सवार मां-बेटी को रॉग साइड जाकर टक्कर मार, मां पुल से नीचे गिरी, बेटी रेलिंग से टकराई
पीछे पुलिस लिखी और आगे डैशबोर्ड पर पुलिस कैप रखी कार कार ने शनिवार रात करीब 11 बजे शहर के बीचोंबीच मीनाक्षी पुल पर कानून और सड़क सुरक्षा दोनों को रौंद दिया। करीब 80 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से रॉन्ग साइड में घुसी ब्रेजा ने सामने से आ रही मां-बेटी की स्कूटी को ऐसी टक्कर मारी कि महिला उछलकर पुल से नीचे जा गिरी, जबकि बेटी रेलिंग से टकराकर घायल हो गई। कार ने रास्ते में दो-तीन अन्य बाइकों को भी टक्कर मारी। एक अन्य स्कूटी और बाइक सवार दो लोग भी चोटिल हुए। हादसे में पुलिस ने कुल चार लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। हादसे के बाद कार में सवार करीब चारों लोग गाड़ी छोड़कर भाग निकले। इनमें एक नाबालिग भी बताया जा रहा है। कार की तलाशी में बीयर की बोतलें और खाने-पीने का सामान मिला। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार सवार नशे में थे और कई वाहनों को टक्कर मारते हुए पुल तक पहुंचे थे। कार एटा के रिटायर्ड दरोगा दुरेश बाबू के नाम है। एसपी सिटी आदित्य बंसल के मुताबिक, दरोगा ने बताया कि उनका बेटा कार चला रहा था। बाजार से घर लौट रही मां-बेटी पर टूटी आफत, पुल से नीचे गिरी महिला हादसा शनिवार रात करीब 11 बजे सिविल लाइंस क्षेत्र के मीनाक्षी पुल पर हुआ। कृष्णा टोला निवासी व्यापारी नेता नीरज वर्मा की पत्नी शालिनी वर्मा बेटी उर्वशी के साथ स्कूटी से बाजार गई थीं। त्योहार की खरीदारी के बाद घर लौटने की तैयारी थी। बच्चियों के लिए टॉफी और अन्य सामान भी खरीदा था। लेकिन घर पहुंचने से पहले ही तेज रफ्तार कार ने परिवार की खुशियां मातम और अस्पताल की दौड़भाग में बदल दीं। बताया गया कि दुबे के पड़ाव की ओर से आ रही स्कूटी को रामघाट रोड से क्वार्सी की तरफ जा रही ब्रेजा ने रॉन्ग साइड में घुसकर टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शालिनी पुल से नीचे जा गिरीं। बेटी उर्वशी स्कूटी समेत उछलकर पुल की रेलिंग से टकराई और घायल हो गई। उर्वशी ने बताया कि स्कूटी वही चला रही थीं। मां नीचे गिर गईं और वह पुल पर ही रेलिंग से टकरा गईं। हालांकि बेटी के भी रेलिंग से नीचे लटकने का शोर मचा। मगर खुद बेटी ने रेलिंग पर लटकने की बात से इनकार किया है। पुल के नीचे दुकान चला रहे केशव ने दिखाई इंसानियत, ई-रिक्शा से पहुंचाया अस्पताल पुल से नीचे गिरने के कारण शालिनी गंभीर रूप से घायल हो गईं। नीचे लव कुश मटका भंडार चलाने वाले केशव गुप्ता ने तत्काल ई-रिक्शा का इंतजाम किया और उन्हें अस्पताल भिजवाया। वहीं, पुल पर घायल पड़ी उर्वशी को भी लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। कार की चपेट में आई अन्य स्कूटी और बाइक सवार दो लोग भी घायल हुए। बाकी दो-तीन बाइकों को भी टक्कर लगी, लेकिन उन पर सवार लोगों को ज्यादा चोट नहीं आई। वाहनों को मामूली नुकसान पहुंचा। पुलिस लिखी कार में बीयर की बोतलें, चारों सवारों के भागने से भड़के लोग हादसे के बाद कार के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। कार पर पुलिस लिखा होने और डैशबोर्ड पर पुलिस की कैप रखी देखकर लोगों ने सवाल उठाए। तलाशी में बीयर की बोतलें और खाने-पीने का सामान मिला। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप था कि कार में सवार लोग नशे में थे। कार की रफ्तार शहर के अंदर 80 से 100 किमी प्रति घंटे तक बताई जा रही है। लोगों के मुताबिक, कार में करीब चार लोग सवार थे, जिनमें एक नाबालिग भी था। टक्कर के बाद चारों कार से उतरकर भाग गए। त्योहार के बीच परिवार के साथ बाजार निकले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे। प्रत्यक्षदर्शी क्वार्सी निवासी ज्योति ने महिला के पुल से नीचे गिरने की पुष्टि करते हुए बताया कि वे उस समय पुल के नीचे थीं। उन्होंने खुद महिला को गिरते देखा और शोर मचाया। लोगों ने पुलिस के मौके पर देर से पहुंचने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि इतने भीषण हादसे के बाद घायलों को तत्काल मदद की जरूरत थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने में देरी हुई। एसपी सिटी समेत भारी फोर्स पहुंची, डेढ़ घंटे थमा रहा पुल का ट्रैफिक सूचना मिलने पर एसपी सिटी आदित्य बंसल, सीओ चिरंजीव सर्वम सिंह, सीओ द्वितीय धनंजय सिंह और क्वार्सी व सिविल लाइंस थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल भिजवाने, क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और भीड़ नियंत्रित करने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे तक पुल पर दोनों तरफ से यातायात रोकना पड़ा। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया कि कार एटा निवासी रिटायर्ड दरोगा दुरेश बाबू के नाम है। दरोगा के अनुसार, उनका बेटा कार चला रहा था। हादसे के बाद कार सवार मौके से भाग गए। कार ने स्कूटी के अलावा अन्य दोपहिया वाहनों को भी टक्कर मारी है। कुल चार लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User