राजा भैया–ओवैसी-चंद्रशेखर को मौलाना की नसीहत:कारी इसहाक बोले–हिंदू-मुस्लिम नहीं, हिंदुस्तानी एक हो जाओ, सेफ हो जाओ, वोट काटने का जरिया न बनें
सहारनपुर में देवबंदी उलेमा मौलाना कारी इसहाक गोरा ने कॉमेडियन सलमान दीवानी के एक वायरल वीडियो में की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि देश में कुछ कॉमेडियन मजाक और मजाक उड़ाने के बीच का अंतर भूल रहे हैं। उन्हें समझना चाहिए कि हास्य की भी एक सीमा होती है। किसी भी व्यक्ति या विषय पर टिप्पणी करने से पहले शब्दों की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने राजा भैया के हिंदुओं को एकजुट होने वाले बयान पर भी सवाल उठाए। कहा कि यदि नारा 'एक रहो, सेफ रहो' पूरे देश के लोगों के लिए होता तो अच्छी बात थी, लेकिन इसे केवल एक समुदाय तक सीमित रखना उचित नहीं है। मौलाना कारी इसहाक गोरा ने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन, मुस्लिम राजनीति, बी टीम के आरोपों और अब्दुल को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों पर भी अपनी राय रखी। जानिए मौलाना कारी इसहाक गोरा ने क्या कहा… सवाल–कॉमेडियन सलमान दीवानी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें महिला के अकेले आने और कजिन के साथ होने की बात पर मजाकिया टिप्पणी की गई। आप इसे किस तरह देखते हैं? जवाब–हमारे देश में कुछ ऐसे कॉमेडियन हो रहे हैं, जो किसी भी सीमा को नहीं समझते। कहीं भी तंज कर देते हैं और सोचते हैं कि इससे पब्लिक हंसेगी या उनके वीडियो वायरल होंगे। समझदार व्यक्ति को मजाक करने और किसी का मजाक उड़ाने के बीच का फर्क मालूम होना चाहिए। अगर यह फर्क नहीं पता तो मजाक नहीं करना चाहिए। इस तरह की टिप्पणी करने वालों को अपनी शब्दों की मर्यादा समझनी चाहिए। किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाकर लोकप्रियता हासिल करना सही नहीं है। सवाल–राजा भैया ने हिंदुओं को एकजुट होने और इस्लाम से सीखने की बात कही है। उनके बयान पर क्या कहेंगे? जवाब–हमारे मुल्क में कुछ नेता ऐसे हैं, जिनकी राजनीति नहीं चमकती या राजनीति नहीं चलती तो वे हिंदू-मुस्लिम और धर्म से जुड़ी बातें सामने ले आते हैं। राजा भैया का नारा अगर 'एक रहो, सेफ रहो' पूरे हिंदुस्तानियों के लिए होता तो बहुत खूबसूरत बात थी। लेकिन अगर यह केवल एक समुदाय के लिए है तो उचित नहीं है। इसमें कहीं न कहीं राजनीति नजर आती है। आज जरूरत है कि हम धर्म की राजनीति से बाहर निकलें। धार्मिक स्थलों और हिंदू-मुस्लिम के नाम पर राजनीति करने के बजाय विकास के मुद्दों पर बात हो। नेता बताएं कि उन्होंने देश के लिए क्या किया है। सवाल–चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी का यूपी चुनाव को लेकर गठबंधन हुआ है। इसे किस नजरिए से देखते हैं? जवाब–इस गठबंधन पर अलग-अलग लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। मेरी निजी राय है कि इसका सही जवाब चुनाव के वक्त ही मिलेगा। यह गठबंधन दलितों, मुसलमानों और तमाम हिंदुस्तानियों के लिए कितना बेहतर साबित होगा, इसका पता चुनाव के बाद ही चलेगा। चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि उनका गठबंधन किसी के वोट काटने का जरिया न बने। उन्हें अपने गठबंधन पर विचार करना चाहिए और देखना चाहिए कि यह देश और समाज के लिए कितना उपयोगी होगा। सवाल–ओवैसी और चंद्रशेखर पर दूसरी पार्टियों की बी टीम होने के आरोप लगते हैं। इस पर क्या कहेंगे? जवाब–राजनीतिक पार्टियों का एक-दूसरे पर आरोप लगाना आम बात है। इस तरह के आरोप पहले भी लगते रहे हैं। लेकिन जब तक कोई पुख्ता सबूत सामने नहीं आता, तब तक ऐसे आरोपों को स्वीकार करना सही नहीं है। कोई भी किसी को बी टीम या सी टीम बता दे, यह उचित नहीं है। अगर किसी के पास इसका प्रमाण है तो उसे जनता के सामने रखना चाहिए। बिना सबूत के किसी पर आरोप लगाना केवल हवाई बातें हैं। सवाल–मुस्लिम रहनुमा के तौर पर आप ओवैसी की राजनीति को किस तरह देखते हैं? जवाब–एक मजहबी जानकार और रहनुमा होने के नाते मैं उन नेताओं से इत्तफाक नहीं रखता, जो केवल एक समुदाय की बात करते हैं। हम सेक्युलर लोग हैं और हमारे मुल्क में सभी धर्मों को मानने वाले रहते हैं। यहां सभी की बात होनी चाहिए। अगर कोई नेता कहता है कि हिंदू एक हो जाओ, सेफ हो जाओ या मुसलमान एक हो जाओ, सेफ हो जाओ, लेकिन यह नहीं कहता कि हिंदुस्तानी एक हो जाओ, सेफ हो जाओ तो ऐसे नेताओं से हम सहमत नहीं हैं। हम उन नेताओं के साथ हैं, जो देश के विकास, खुशहाली और सभी समुदायों के लिए काम करते हैं। सवाल–चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बनाए जाने और ओवैसी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच 'अब्दुल हमेशा दरी बिछाता रहेगा' जैसी टिप्पणियां की जाती हैं। इसे कैसे देखते हैं?** जवाब–जो लोग कहते हैं कि अब्दुल हमेशा दरी बिछाता रहेगा या पेंचर लगाता रहेगा, उन्हें अपनी मानसिकता बदलनी चाहिए। आखिर अब्दुल कौन है, जो हमेशा दरी बिछा रहा है? हमने तो ऐसा नहीं देखा। अब्दुल बहुत अच्छे काम भी करता है। वह विश्वविद्यालय में पढ़ता भी है और पढ़ाता भी है। वह मेहनत करके हर तरह का काम करता है। केवल अब्दुल को दरी बिछाने वाला बताना छोटी मानसिकता और छोटे अल्फाज हैं। इस तरह की बातें सिर्फ सियासत चमकाने और लोगों को उकसाने के लिए की जाती हैं। अब्दुल को बदनाम नहीं करना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)