मुजफ्फरनगर में ASP-AIMIM गठबंधन के खिलाफ लगे पोस्टर:नेताओं और समर्थकों की एंट्री का विरोध, 2027 चुनाव के लिए दोनों पार्टियों ने किया है गठबंधन
मुजफ्फरनगर के दक्षिणी कृष्णापुरी मोहल्ले में आजाद समाज पार्टी और AIMIM के राजनीतिक गठबंधन का विरोध शुरू हो गया है। मोहल्ले में पोस्टर लगाकर दोनों दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रवेश का विरोध जताया गया है। पोस्टर लगाने वाले सौर्या भारद्वाज ने आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन को 'ठगबंधन' करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल बीजेपी की बी-टीम के रूप में काम करने के लिए आए हैं। सौर्या भारद्वाज ने बताया कि दक्षिणी कृष्णापुरी उनका निवास स्थान है। मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर दोनों दलों के राजनीतिक गठबंधन के विरोध का फैसला लिया गया है। उनका दावा है कि क्षेत्र के लोगों को दोनों दलों की राजनीतिक भूमिका पर आपत्ति है। इसी विरोध को दर्ज कराने के लिए मोहल्ले में पोस्टर लगाए गए हैं। पार्टी के निर्देश पर पोस्टर लगाने के सवाल पर टाला जवाब मीडिया से बातचीत के दौरान सौर्या भारद्वाज से पूछा गया कि पोस्टर पर केवल उनका नाम क्यों लिखा है और क्या यह किसी राजनीतिक पार्टी के निर्देश पर लगाया गया है। इस पर उन्होंने सीधे जवाब देने के बजाय कहा, "सब चीजें अंदर की हैं, आप सवाल-जवाब ना करें।" उन्होंने लोगों से इस गठबंधन से बचने की अपील भी की। साथ ही आरोप लगाया कि दोनों दल बीजेपी की बी-टीम बनकर काम करने के लिए आए हैं। सहारनपुर और गोरखपुर में भी पोस्टर लगने का दावा सौर्या भारद्वाज ने दावा किया कि इस तरह के पोस्टर केवल मुजफ्फरनगर में ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के दूसरे जिलों में भी लगाए गए हैं। उन्होंने सहारनपुर और गोरखपुर क्षेत्र का भी जिक्र किया। हालांकि, इन जिलों में पोस्टर लगाए जाने के उनके दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। 2027 विधानसभा चुनाव के लिए हुआ है गठबंधन आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और AIMIM ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के नाम से गठबंधन किया है। दोनों दलों ने 12 नवंबर को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साथ चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। इसी राजनीतिक गठजोड़ के बाद मुजफ्फरनगर के दक्षिणी कृष्णापुरी में विरोध के पोस्टर लगाए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)