रायबरेली में शिक्षक पर छात्र को पीटने का आरोप:बाल मेले में बाल पकड़कर सिर लड़ाया; परिजनों ने थाने और चाइल्ड हेल्पलाइन में की शिकायत
रायबरेली में शिवगढ़ स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 10 के छात्र के साथ मारपीट और अभद्रता का आरोप लगा है। परिजनों ने शिक्षक के खिलाफ शिवगढ़ थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन और केंद्रीय विद्यालय संगठन के अधिकारियों से भी शिकायत की गई है। मामला 17 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे का है। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी हरिशंकर अग्निहोत्री का 16 वर्षीय बेटा हर्ष अग्निहोत्री विद्यालय में कक्षा 10वीं ‘बी’ का छात्र है। परिजनों के मुताबिक, 14 नवंबर को छुट्टी होने के कारण 17 नवंबर को विद्यालय में बाल दिवस के मौके पर बाल मेले का आयोजन किया गया था। इसी दौरान छात्र की शिक्षक से कहासुनी के बाद मारपीट की घटना हुई। घूरने की गलतफहमी में मारपीट का आरोप छात्र हर्ष का आरोप है कि बाल मेले के दौरान वह दो-तीन बार उस जगह से गुजरा, जहां शिक्षक आलोक सचान (आलोक कुमार) लैपटॉप पर काम कर रहे थे। शिक्षक को गलतफहमी हो गई कि वह उन्हें घूर रहा है। इसके बाद हर्ष अपने एक सहपाठी के साथ प्राइमरी सेक्शन के वॉशरूम में लघुशंका करने और पानी पीने गया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद शिक्षक ने उसे अंदर बुला लिया। छात्र के मुताबिक, वॉशरूम में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। आरोप है कि शिक्षक ने उसके बाल कसकर पकड़ लिए और सिर लड़ाते हुए लगातार पिटाई की। जासूसी करने का आरोप लगाकर अभद्रता का दावा हर्ष के मुताबिक, पिटाई के दौरान शिक्षक ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उस पर जासूसी करने का आरोप लगाते हुए पूछा कि उसे किसने भेजा है। छात्र ने जवाब दिया कि वह किसी की जासूसी करने नहीं, बल्कि पढ़ाई करने स्कूल आता है। इसके बावजूद शिक्षक ने उसे पीटना जारी रखा। घटना से घबराए छात्र ने फोन कर परिजनों को इसकी जानकारी दी। प्रिंसिपल के जवाब से भी परिजन नाराज छात्र के चाचा रमाशंकर अग्निहोत्री ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने विद्यालय के प्रिंसिपल से फोन पर संपर्क किया। आरोप है कि प्रिंसिपल ने संतोषजनक जवाब देने के बजाय कहा, "जैसा उचित लगे, वैसा करो।" वहीं, छात्र के पिता हरिशंकर अग्निहोत्री ने शिक्षक की ओर से लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि एक छात्र अपने अध्यापक की जासूसी क्यों करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब शिक्षक से मारपीट का कारण पूछने के लिए संपर्क किया गया तो उन्होंने बात करने से इनकार कर दिया। थाने से लेकर केंद्रीय विद्यालय संगठन तक शिकायत पीड़ित छात्र का कहना है कि विद्यालय स्टाफ की ओर से भी मामले में कोई सहयोग नहीं किया जा रहा है। परिजनों ने शिवगढ़ थानाध्यक्ष को लिखित शिकायत देकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही केंद्रीय विद्यालय संगठन के मुख्यालय, क्षेत्रीय कार्यालय (रीजनल ऑफिस) और चाइल्ड हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)