मैनपुरी में तमंचे से गोली मारने की कोशिश:युवक को कार में अगवा कर सुनसान जगह पर पीटा
मैनपुरी में युवक को बीच सड़क पर पीटकर कार में डालकर ले जाने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव के दो भाइयों समेत उनके रिश्तेदारों और 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और जानलेवा हमले जैसी गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया था। वीडियो में कुछ लोग एक युवक को पकड़कर मारपीट करते हुए कार में डालकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। किराने का भुगतान करके बाइक से लौट रहा था मामला 19 नवंबर दोपहर करीब 1:40 बजे का है। करहल थाना क्षेत्र के गांव कांकन निवासी अभिषेक चौहान अपनी दादी की तेरहवीं के किराने का भुगतान करके बाइक से लौट रहा था। आरोप है कि स्टेशन के पास देसी शराब ठेके के सामने कमला टॉकीज मोड़ पर गांव के ही सुरजीत सिंह उर्फ बंटी, उसके भाई सचिन सिंह और उनके साथ आए अन्य लोगों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने अभिषेक के साथ मारपीट की और जबरन कार में डालकर अपने साथ ले गए। पीड़ित की तहरीर के मुताबिक, आरोपी उसे पावर हाउस रोड से बंबे के किनारे सुनसान जगह पर ले गए। वहां बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की गई। अभिषेक ने आरोप लगाया कि सुरजीत सिंह ने तमंचा निकालकर उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद गोली चलाने की कोशिश भी की गई, लेकिन फायर मिस हो गया। परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी आसपास पशु चरा रहे लोगों को मौके पर आता देखकर आरोपी वहां से भागने लगे। इसी दौरान अभिषेक मौका पाकर उनके चंगुल से निकलकर भाग गया। इसके बाद उसने अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। अभिषेक का कहना है कि आरोपियों से उसकी पहले कोई रंजिश नहीं थी। कुछ समय पहले उसकी दादी की तेरहवीं के दौरान आरोपी घर आए थे। उस समय शराब के नशे में महिलाओं से अभद्रता और गाली-गलौज करने का विरोध किया गया था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उससे रंजिश मान ली थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)