सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने रेल मंत्री को लिखा पत्र:कानपुर एलिवेटेड रेलवे लाइन के शिलान्यास का मांगा समय

Nov 18, 2026 - 19:53
0
सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने रेल मंत्री को लिखा पत्र:कानपुर एलिवेटेड रेलवे लाइन के शिलान्यास का मांगा समय
कानपुर की ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने वाली मंधना-अनवरगंज एलिवेटेड रेलवे लाइन परियोजना को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। अकबरपुर से भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर परियोजना के शिलान्यास के लिए समय निर्धारित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़ी सभी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। ऐसे में अब इसके शिलान्यास की दिशा में कदम बढ़ाया जाना चाहिए। सांसद ने यह पत्र 16 नवंबर 2026 को छठ पूजा के अवसर पर कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार के बीच नई दैनिक स्पेशल ट्रेन की शुरुआत के कार्यक्रम के संदर्भ में लिखा है। पत्र में उन्होंने नई ट्रेन की सौगात के लिए रेल मंत्री को बधाई भी दी है। 2017-18 के बजट में प्रस्तावित हुई थी परियोजना सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने पत्र में बताया कि मंधना से अनवरगंज तक एलिवेटेड रेलवे लाइन की मांग कानपुर में रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले भीषण जाम को देखते हुए उठाई गई थी। तत्कालीन सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी और अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रयास से केंद्र सरकार ने 2017-18 के बजट में इस परियोजना के लिए 1,789 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया था। उन्होंने बताया कि परियोजना में कुछ तकनीकी अड़चनें आने के बाद तत्कालीन रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड के चेयरमैन को पत्र लिखकर समस्याओं से अवगत कराया गया था। वर्ष 2019 में दोबारा सरकार बनने के बाद तत्कालीन सांसद सत्यदेव पचौरी के साथ मिलकर परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। दो नए रेलवे स्टेशन बनाने का भी था प्रस्ताव पत्र के मुताबिक, रेल मंत्रालय के निर्देश पर पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर की ओर से पनकी-मंधना रेलवे लाइन और मंधना-अनवरगंज एलिवेटेड प्रोजेक्ट का सर्वे कराया गया था। सर्वे के बाद परियोजना में दो नए रेलवे स्टेशन बनाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया था। इसमें गोल चौराहा से रावतपुर के बीच भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर एक स्टेशन और कल्याणपुर से मंधना के बीच दूसरा स्टेशन प्रस्तावित किया गया था। सांसद ने बताया कि परियोजना का प्रस्ताव प्रधानमंत्री की कैबिनेट से अनुमोदित होने के बाद नीति आयोग को भेजा गया था, लेकिन अधिक राजस्व लागत के कारण नीति आयोग ने इसे वापस कर दिया। लागत कम कर दोबारा भेजा गया संशोधित प्रस्ताव देवेंद्र सिंह भोले के मुताबिक, इसके बाद रेल मंत्रालय के हस्तक्षेप से पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों, तत्कालीन मंडलायुक्त और क्षेत्रीय विधायकों के साथ बैठक की गई। इसमें विधायक सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी और अभिजीत सिंह सांगा सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में परियोजना की लागत को युक्तिसंगत बनाकर संशोधित प्रस्ताव तैयार किया गया और केंद्र सरकार को भेजा गया। जरीब चौकी जाम और NHAI के समन्वय का भी जिक्र सांसद ने पत्र में जरीब चौकी रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से लगने वाले जाम और बजट के साथ प्रदेश सरकार व NHAI के बीच समन्वय की समस्याओं का भी उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव से मुलाकात की गई थी। मुख्यमंत्री और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री के बीच समन्वय के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ। अब शिलान्यास के लिए मांगा समय सांसद ने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि मंधना-अनवरगंज एलिवेटेड रेलवे परियोजना की प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विकसित भारत एवं विजन-2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए कानपुर नगर और अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र की जनता को इस परियोजना की सौगात देने के लिए शिलान्यास का समय निर्धारित किया जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User